चकबंदी को लेकर ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट पर किया विरोध प्रदर्शन
Etah News - गांव अखतौली के लोगों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रस्तावित चकबंदी योजना में अनियमितताओं के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए पारदर्शी जांच की मांग की। स्थानीय निवासी विनयपाल सिंह ने आरोप लगाया कि योजना में अवैधताएं की गई हैं और गरीबों को नुकसान पहुंचाया गया है।

शुक्रवार को गांव अखतौली के लोग बड़ी संख्या में कलक्ट्रेट पहुंचे, जहां सभी ने प्रस्तावित चकबंदी योजना में अनियमितताओं को लेकर जमकर नारेबाजी करते हुए एक प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। वहीं पूरे प्रकरण की पारदर्शी जांच कराने की पुरजोर मांग उठाई। गांव अखतोली निवासी विनयपाल सिंह ने बताया कि सहायक चकबंदी अधिकारी एवं उनकी टीम की ओर से तैयार की गई प्रस्तावित चकबंदी योजना में व्यापक स्तर पर अवैधानिकताएं की गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच अधिकारी ने मौके पर किसी भी प्रकार का स्थलीय निरीक्षण नहीं किया और न ही पीड़ित पक्षों के बयान दर्ज किए गए है।
आरोप लगाया कि योजना के तहत सक्षम लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए कीमती भूमि, रोड साइड भूमि और आबादी से लगी जमीन को जानबूझकर उनके हिस्से में प्रस्तावित किया गया है। जबकि गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों को नुकसान पहुंचाया गया है।बंदोबस्त अधिकारी की आख्या में कई गंभीर बिंदु उजागर होने के बाद अंतिम रिपोर्ट को भ्रामक तरीके से प्रस्तुत किया गया। चकबंदी अधिकारी की ओर से तैयार की गई रिपोर्ट 15 अप्रैल को भेजी गई आख्या वास्तविकता से भटकी हुई है। इसमें कई महत्वपूर्ण तथ्यों को नजरअंदाज किया गया है। ग्रामीणों ने मांग उठाई कि किसी ईमानदार एवं निष्पक्ष अधिकारी से मौके पर दुबारा निरीक्षण कराकर पूरी प्रक्रिया की पारदर्शी जांच कराई जाए। इस दौरान भाकियू टिकैत के जिलाध्यक्ष अनिल प्रताप सिंह, उमेश कुमार बंटू यादव, भूरे भगत, आदि दर्जनों किसान मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


