92 बोर्ड परीक्षा केन्द्रों पर लगाये जायेंगे 5500 से 6000 तक कक्ष निरीक्षक
Etah News - 18 फरवरी से 12 मार्च तक यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए 92 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। 5500 से 6000 कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। विद्यालयों को शिक्षक-शिक्षिकाओं का डाटा ऑनलाइन करने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन अधिकांश विद्यालय लापरवाह हैं। परीक्षा की ऑनलाइन मॉनीटरिंग के लिए कंट्रोलरूम स्थापित किया गया है।

18 फरवरी से 12 मार्च तक आयोजित होने वाली बोर्ड परीक्षा के लिए जनपद में 92 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। केन्द्रों पर शांतिपूर्वक नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए 5500 से 6000 कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग विद्यालय प्रधानाचार्यों को शिक्षक-शिक्षिकाओं का डाटा ऑनलाइन करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद भी अभी तक अधिकांश विद्यालयों ने इस कार्य को पूरा नहीं किया है। जिला विद्यालय निरीक्षक डा. इंद्रजीत सिंह ने बताया कि यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारियां तेजी से चल रही है। परीक्षा को बनाए गए 92 केन्द्रों पर कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी लगाने को स्कूलों से डाटा ऑनलाइन करने को कहा गया है।
अभी तक कुछ ही विद्यालयों ने शिक्षक-शिक्षिकाओं का डाटा ऑनलाइन किया गया है। अधिकांश विद्यालय शिक्षक-शिक्षिकाओं का डाटा ऑनलाइन करने में लापरवाही कर रहे हैं। इन विद्यालय प्रधानाचार्यों को बार-बार निर्देश दिए जा रहे हैं समय रहते डाटा ऑनलाइन कर दें, जिससे समय रहते शिक्षक-शिक्षिकों की ड्यूटी कक्ष निरीक्षक के रूप में लगायी जा सके। बोर्ड परीक्षा के लिए करीब 5500 से 6000 तक कक्ष निरीक्षक बनाए जाने हैं, जिसके लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग के 2500 और बेसिक शिक्षा विभाग से 3000 शिक्षक-शिक्षिकाओं का डाटा मांगा गया है। उन्होंने बताया कि बोर्ड परीक्षा के लिए कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाकर संबंधित सूचना स्कूलों को दी जानी है। साथ ही पांच फरवरी तक सूची बनाकर सूचना बोर्ड को भेजनी है। ऑनलाइन मॉनीटरिंग को पुस्तकालय में स्थापित हुआ कंट्रोलरूम डीआईओएस ने बताया कि 92 परीक्षा केन्द्रों की ऑनलाइन मानीटरिंग की जाएगी। इसके लिए कार्यालय परिसर में स्थित राजकीय जिला पुस्तकालय में परीक्षा कंट्रोलरूम की स्थापना की गई। जहां से परीक्षा के दौरान 92 केन्द्रों की निगरानी की जाएगी। निगरानी के लिए केन्द्रों सीसीटीवी कैमरे, वॉयस रिकार्डर एवं नेटवर्क की व्यवस्था करने के निर्देश केन्द्र व्यवस्थापक, स्कूल प्रधानाचार्य को दिये गये है। जिसमें ऑनलाइन मॉनीटरिंग में कोई दिक्कत न आये। शिक्षक-अभिभावक-परीक्षार्थियों की समस्या को बनी हेल्प डेस्ट डीआईओएस ने बताया कि परीक्षार्थियों, अभिभावक, शिक्षक-शिक्षिकाओं की परीक्षा संबंधी समस्याओं के निस्तारण को हेल्प डेस्क बनायी गई है। यह हेल्प डेस्क जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में संचालित हो रही है। जहां पर प्रधानाचार्य मनोज तिवारी, ओमकार सिंह की ड्यूटी लगायी गई है। यह दोनों लोग कार्यालय हेल्प डेस्क पर मौजूद रहकर समस्याओं के निस्तारण को पहल करायेंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




