
बेमौसम बारिश से धान की गुणवत्ता हुई प्रभावित, तीसरे दिन भी छाए रहे बादल
संक्षेप: Etah News - एटा जिले में बेमौसम बारिश के कारण किसानों की धान की फसल को भारी नुकसान हो रहा है। धान की कटाई के अंतिम चरण में, बारिश ने फसल को गीला कर दिया है, जिससे उसकी गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। किसान धान को सुखाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं और मौसम साफ न होने पर और नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
एटा, जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हुई बेमौसम बारिश और तीसरे दिन भी बादलों के छाए रहने से किसानों की चिंताएं कई गुना बढ़ गई हैं। इस समय धान फसल की कटाई के अंतिम चरण में है और बड़े पैमाने पर 1718 प्रजाति का धान खेतों में कटा पड़ा है। बीते दो दिन लगातार हुई बारिश ने खेतों में पड़े धान के गट्ठरों को पूरी तरह से गीला कर दिया है। जिससे धान काला पड़ने के साथ उसकी गुणवत्ता पर भी काफी विपरीत असर पड़ा है। इतना ही नहीं धान में नमी की मात्रा बढ़ जाने से किसानों मंडी में उसके रेट अच्छे नहीं मिल पा रहे हैं और किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।

भीगे हुए धान को बचाने के लिए किसान अब उसे सुखाने के लिए अनेकों प्रकार की मशक्कत कर रहे हैं। हालांकि तीसरे दिन बुधवार को भी दिनभर बादल छाए रहने से मौसम में नमी की मात्रा काफी बढ़ी रही। जिससे धान को सुखाना मुश्किल हो गया है। किसानों को आशंका है कि यदि मौसम साफ नहीं हुआ और बारिश जारी रही, तो उनकी पकी हुई धान की फसल को भारी नुकसान होगा। जिला कृषि अधिकारी डॉ. मनवीर सिंह एवं कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि व कटाई किए गए धान को तिरपाल से ढकने या सुरक्षित स्थानों पर रखने का प्रयास करें और मौसम साफ होने पर ही शेष कटाई और थ्रेसिंग का काम करें। बाजारों में भी प्रभावित हुई खरीदारी एटा। बुधवार को भी दिनभर बारिश जैसा मौसम बना रहने और ठंडक महसूस होने के कारण शहर के मुख्य बाजारों में भी सहालगी सीजन की खरीदारी प्रभावित बनी रही। मौसम की अनिश्चितता के चलते लोग घरों से बाहर निकलने से परहेज करते रहे। जिससे बाजारों में खरीदारों की बेहद कम संख्या देखने को मिली। बता दे कि 01 नवंबर दिन शनिवार को देव उठानी एकादशी है, इस दिन जिलेभर में सैकड़ों शादी समारोहों का आयोजन होगा। इसकी तैयारियां पूरी करने के लिए लोग बड़े स्तर पर हर प्रकार की खरीदारी कर रहे हैं। आज और कल भी बारिश के आसार एटा। बुधवार को दिनभर आसमान में काले बादल घिरे रहने से शहर का अधिकतम तापमान 27 एवं न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। जबकि मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 30 और 31 अक्तूबर को भी जिलेभर में हल्की बारिश रहने की संभावना बनी रहेगी। इतना ही नहीं मौसम में नमी बनी रहेगी। जिससे ठंड का अहसास बना रहेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




