बलिदान दिवस पर अमर शहीद महावीर सिंह राठौर के आदर्शों पर चलने का युवाओं ने लिया संकल्प
राजा का रामपुर में अमर शहीद महावीर सिंह राठौर का बलिदान दिवस मनाया गया। श्रद्धांजलि सभा में युवाओं ने उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। भाजपा नेता अर्जुन सिंह राठौर ने उनके बलिदान को याद किया। राजकीय इंटर कॉलेज एटा में भी शहीद को याद किया गया।

राजा का रामपुर, देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीद महावीर सिंह राठौर का बलिदान दिवस पर रविवार को राजा का रामपुर में श्रद्धांजलि सभा हुई। सभा में लोगों ने उनके बलिदान, देशभक्ति को याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए। युवाओं ने उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
श्रद्धांजलि सभा का आयोजन
अमर शहीद महावीर सिंह स्मारक बालिका विद्यालय परिसर में स्थापित प्रतिमा पर भाजपा नेता अर्जुन सिंह राठौर समेत नगर के गणमान्य लोगों ने माल्यार्पण कर नमन किया। कार्यक्रम में लोगों ने शहीद महावीर सिंह राठौर के जीवन संघर्ष और देश की स्वतंत्रता के लिए दिए गए उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया। भाजपा नेता अर्जुन सिंह राठौर ने कहा कि जनपद एटा के लिए यह गर्व की बात है कि अमर शहीद और महान क्रांतिकारी महावीर सिंह राठौर का जन्म इसी धरती पर हुआ था।
महावीर सिंह राठौर का योगदान
उन्होंने भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु जैसे महान क्रांतिकारियों के साथ मिलकर देश को आजाद कराने के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंग्रेजी हुकूमत ने उनकी क्रांतिकारी गतिविधियों से घबराकर उन्हें काला पानी की सजा देकर पोर्ट ब्लेयर की सेलुलर जेल में भेज दिया था। जेल में अमानवीय व्यवहार और अत्याचारों के विरोध में महावीर सिंह राठौर ने अन्य क्रांतिकारियों के साथ भूख हड़ताल शुरू कर दी थी। भूख हड़ताल तुड़वाने के लिए अंग्रेज अधिकारियों ने जबरन नली के माध्यम से दूध पिलाने का प्रयास किया। दूध फेफड़ों की नली में चले जाने से उनकी मृत्यु हो गई। उनका यह बलिदान आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है। देश की आजादी लाखों वीर सपूतों के बलिदान का परिणाम है। इसलिए नई पीढ़ी को शहीदों के संघर्ष और त्याग को कभी नहीं भूलना चाहिए। युवाओं को उनके आदर्शों पर चलकर राष्ट्र सेवा के लिए आगे आना चाहिए।
राजकीय इंटर कालेज में अमर शहीद को किया गया याद
एटा, रविवार को राजकीय इंटर कॉलेज एटा में अमर शहीद महावीर सिंह राठौर का 93वा बलिदान दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य सुभाष सिंह चाहर, मुख्य अतिथि पूर्व चेयरमैन राकेश गांधी ने शहीदों से प्रेरणा लेने की बात कही। पूर्व प्रधानाचार्य रामवीर सिंह यादव ने जीईसी के गौरव शाली इतिहास पर चर्चा की। मुख्य वक्ता महावीर सिंह यादव ने अमर शहीद महावीर सिंह राठौर के जीवन परिचय एवं क्रांतिकारी इतिहास पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता राकेश शीतल ने किया। कार्यक्रम में अवनीश पाल सिंह, डॉ. राम पाल सिंह, पुष्पेंद्र कुमार, विनोद कुमार यादव, वीरेंद्र पाल सिंह, एवं छात्र रामवीर, हरिओम, विजय एवं छात्राएं उपस्थित रहे।
सामान्य प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


