ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश एटाअखिलेश, धर्मेंद्र, डिंपल के खिलाफ भी सेक्युलर मोर्चा लड़ेगा चुनावः शिवपाल

अखिलेश, धर्मेंद्र, डिंपल के खिलाफ भी सेक्युलर मोर्चा लड़ेगा चुनावः शिवपाल

सेक्युलर मोर्चा के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने फिर कहा कि सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव मोर्चा की ओर से मैनपुरी लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे। प्रदेश की सभी 80 सीटों पर मोर्चा के प्रत्याशी उतारे जाएंगे।...

अखिलेश, धर्मेंद्र, डिंपल के खिलाफ भी सेक्युलर मोर्चा लड़ेगा चुनावः शिवपाल
हिन्दुस्तान टीम,एटाMon, 17 Sep 2018 01:42 PM
ऐप पर पढ़ें

सेक्युलर मोर्चा के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने फिर कहा कि सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव मोर्चा की ओर से मैनपुरी लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे। प्रदेश की सभी 80 सीटों पर मोर्चा के प्रत्याशी उतारे जाएंगे। शिवपाल ने कहा कि धर्मयुद्ध शुरू हो गया है। अब इससे पीछे हटने का सवाल नहीं है। कन्नौज, बदायूं की लोकसभा सीटों पर भी सेक्युलर मोर्चा के प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे। शिवपाल ने कहा कि बसपा जैसी समान विचारधारा वाली पार्टियों से गठबंधन करने की कोशिश की जाएगी।

कस्बा करहल स्थित पूर्व विधायक मानिकचंद्र यादव के आवास पर शिवपाल का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान शिवपाल ने कहा कि मैनपुरी, कन्नौज, बदायूं, फिरोजाबाद, इटावा के अलावा प्रदेश की सभी सीटों पर सेक्युलर मोर्चा चुनाव लड़ेगी। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, डिंपल यादव, धर्मेंद्र यादव के खिलाफ भी मोर्चा के प्रत्याशी उतारे जाने की घोषणा की। शिवपाल ने कहा कि अब सुलह का समय खत्म हो गया है। पार्टी या परिवार से सुलह का कोई प्रस्ताव अब स्वीकार नहीं होगा। पिछले एक साल से वे सुलह की कोशिश में थे। लेकिन उन्हें पार्टी से दरकिनार कर दिया गया। उन्हें समय-समय पर अपमानित भी किया गया। अब धर्मयुद्ध शुरू हो गया है। लड़ाई चुनाव के मैदान में लड़ी जाएगी।

योगी की तारीफ के एक दिन बाद शिवपाल भाजपा पर बरसे

एक दिन पूर्व योगी आदित्यनाथ की तारीफ करने वाले शिवपाल सोमवार को यहां भाजपा के खिलाफ खड़े नजर आए। शिवपाल ने कहा कि जो लोग समाजवादी विचारधारा के हैं वे बीजेपी के साथ कभी नहीं जाएंगे। बीजेपी सरकार और बीजेपी के नेता समाज को जाति और धर्म में बांट रहे हैं। हर वर्ग को परेशान किया जा रहा है।

इटावा के पूर्व सांसद, मैनपुरी के दो विधायक शिवपाल के साथ खड़े हुए

मैनपुरी। मोर्चा का गठन करने के बाद पहली बार करहल पहुंचे शिवपाल के साथ सपा के तीन पूर्व विधायक साथ खड़े नजर आए। इटावा सदर से पूर्व सांसद और पूर्व विधायक रघुराज सिंह शाक्य के अलावा मैनपुरी सदर के पूर्व विधायक मानिकचंद्र यादव, करहल के पूर्व विधायक अनिल यादव, पूर्व सपा नेता सुजान सिंह यादव ने भी शिवपाल के साथ रहने का एलान किया। शिवपाल ने यहां ये भी दावा किया कि मैनपुरी के समाजवादी विचारधारा के लोग मुलायम के अपमान से आहत हैं और वे उनके साथ मोर्चा से जुड़ने के लिए तैयार बैठे हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें