धुमरी में गंदगी-जलभराव देख भड़के एसडीएम, दो सफाई कर्मी किए निलंबित
Etah News - ग्राम पंचायत धुमरी में जलभराव और गंदगी की समस्या का समाधान करते हुए, एसडीएम राजकुमार मौर्य ने दो सफाई कर्मियों को निलंबित किया। उन्होंने गांव में अवैध निर्माण करने वालों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए और साफ-सफाई में सुधार लाने के लिए ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव को भी निर्देशित किया।

ग्राम पंचायत धुमरी में जलभराव और गंदगी से जूझ रहे ग्रामीणों की समस्या को आपके अपने अखबार हिन्दुस्तान ने 13 मई के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया। इसका संज्ञान लेते हुए एसडीएम/प्रभारी डीपीआरओ ग्राम पंचायत धुमरी का औचक निरीक्षण किया। वहीं कार्य के प्रति लापरवाह संबंधित दो सफाई कर्मियों पर निलंबन करते हुए अतिक्रमण करने वालों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बीते दिन बुधवार को एसडीएम/डीपीआरओ राजकुमार मौर्य ने ग्राम पंचायत धुमरी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हे गांव की गलियों में गंदा पानी और सिल्ट से ओवरफ्लो नालियां देखने को मिली। एसडीएम ने नराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित लापरवाह सफाई कर्मचारी अनोज कुमार और गिरीश चंद्र के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की।
इसके साथ ही नालियों पर पक्का अवैध निर्माण कर सफाई कार्य रोकने वाले ग्रामीणों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने से पहले नोटिस के माध्यम से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। एसडीएम ने मौके पर मौजूद ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव और एडीओ पंचायत को गांव में सफाई कार्य बेहतर कराने एवं उसकी रिपोर्ट फोटों और वीडियो समेत कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वयं अतिक्रमण न हटाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई और बुलडोजर के माध्यम से अतिक्रमण हटाए जाने की चेतावनी भी दी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


