शुक्रवार को नव वर्ष 2021 का जश्न शहर में उल्लास के साथ मनाया गया। लोगों ने अपने प्रियजनों के साथ जमकर मौज मस्ती कर घर पर बनाए गए पकवानों का आंनद लिया। एक दूसरे को उपहार देकर शुभकामनाएं दी। कुछ स्थानों पर लोगों ने शासनादेश का उल्लंघन करते हुए डीजे पर धमाल भी मचाया।
नव वर्ष का पहला दिन लोगों ने नये जोश और उल्लास के साथ ईष्ट मित्रों ओर परिवारीजनों के साथ बिताया। सुबह से ही लोग एक दूसरे को गले मिलकर और फोन से शुभकामनाएं देते नजर आये। वहीं युवक, युवतियों ने अपने मित्रों के साथ होटल, रेस्टोरेंट में पहुंच लजीज व्यंजनों का आनंद लिया। तमाम युवक, युवतियां दो एवं चार पहिया वाहन से लॉग ड्राइव पर जाते देखे गए। इसके अलावा शहर के सभी कोचिंग एवं शैक्षिक संस्थानों पर में पढ़ने वाले छात्र, छात्राओं ने अपने सहपाठियों के साथ क्लॉस रूम में केक, पेस्ट्री एवं कोल्ड्रि्ंक का आंनद लेकर डीजे साउंड की धुन पर जमकर डांस कर हैप्पी न्यू ईयर सेलीब्रेट किया। कुछ युवाओं ने शासनादेश को नजरअंदाज कर तेज आवाज में डीजे की धुन पर जमकर धमाल मचाया। भोर होते ही लोगों ने घर के बडे़ बुजुर्गों के चरणस्पर्श कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद अपने मित्रों सगे संबंधियों को सोशल मीडिया, फोन कॉल एवं वीडियों काफ्रेसिंग के माध्यम से नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं साथ घर पर बने विभिन्न प्रकार के पकवानों का परिवार सहित आनंद लिया। यह सिलसिला दिन भर चलता रहा। घर के बडे बुजुर्ग भी अपने परिचितों एवं रिश्तेदारों के घर नव वर्ष की शुभकामनाएं देने पहुंचते रहे और नई साल में सब मंगलमय हो इसकी ईश्वर से कामना करते रहे।
धार्मिक स्थलों में हुई ईश प्रार्थना:एटा। नई साल के पहले दिन शहर प्राचीन शिवालय कैलाश मंदिर में लोगों का तांता लगा रहा। लोग भगवान से प्रार्थना करते रहे कि यह साल सभी को मंगलकारी एवं खुशियां प्रदान करे। इसके अलावा पथवारी मंदिर, राम दरबार, जनता दुर्गा आदि मंदिरों में लोगों ने प्रार्थना की। इतना ही नहीं शहर के गांधी मार्केट स्थित मैगाव मैमोरियल चर्च में क्रिश्यिन समाज के लोगों ने प्रार्थना सभा कर प्रभु यीशु से नव वर्ष मंगलमय होने की कामना की।