Etah News: अंतिम श्रावणी सोमवार को बारिश के बीच शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब

हिन्दुस्तान, एटा
share

Etah News: श्रावण मास के अंतिम सोमवार को शिवभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। भक्तों ने कांवड़ लेकर विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक किया। पूजा-अर्चना का सिलसिला दिनभर चलता रहा। पौराणिक परसौन नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी, वहीं जलेसर के इच्छेश्वर मंदिर में आस्था का मेला लगा।

Etah News: अंतिम श्रावणी सोमवार को बारिश के बीच शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब

Etah News: श्रावण मास के चौथे और अंतिम सोमवार को समूचा जनपद शिवभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। भोर की पहली किरण से पहले ही जिले के सभी प्रमुख और छोटे-बड़े शिवालयों, देवालयों के कपाट खुल गए। इसके साथ ही महादेव की पूजा-अर्चना और जलाभिषेक का सिलसिला दोपहर तक अनवरत चलता रहा। अंतिम श्रावणी सोमवार को शहर के प्रमुख प्रचानी शिवालय कैलाश मंदिर पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। रविवार की रात से ही गंगाजल लेकर लौटे सैकड़ों शिवभक्तों और कांवड़ियों का मंदिर परिसर में आगमन शुरू हो गया। सोमवार सुबह झमाझम बारिश के बीच कांवड़ियों ने कतारबद्ध होकर भगवान शिव के अलौकिक चतुर्मुखी शिवलिंग पर गंगाजल अर्पित किया। श्रद्धालुओं ने भी भींगते हुए महादेव को प्रिय बेलपत्र, भांग, धतूरा, मदार के फूल, फल और मिष्ठान अर्पित किए। दूध, दही, घी, शहद और शक्कर से बने पंचामृत से चर्तुमुखी शिवलिंग का विशेष अभिषेक किया गया। कैलाश मंदिर को आकर्षक फूलों से सजाया गया। मंदिर महंत धीरेंद्र कुमार झा ने शाम को आरती करने के साथ रात को महाआरती की। भक्तों ने सुख-समृद्धि की कामना के लिए वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रुद्राभिषेक का अनुष्ठान भी संपन्न कराया। अंतिम सोमवार को कैलाश मंदिर पर शहर ही नहीं बल्कि जिले विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं और कांवड़ियों ने भगवान आशुतोष की विधान पूर्वक पूजा अर्चना करते हुए जयघोष लगाए。

पौराणिक परसौन नाथ मंदिर पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

पौराणिक परसौन नाथ महादेव मंदिर में भगवान परशुराम द्वारा स्थापित की गई अलौकिक शिवलिंग के दर्शन के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भोर से ही श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों की इतनी भीड़ हो गई कि मंदिर में आने वाले अन्य श्रद्धालुओं को ठीक से जगह भी नहीं मिल सकी। मंदिर प्रबंधन और सेवादारों ने श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से भगवान शिव की विधान पूर्वक पूजा-अर्चना कराई।

जलेसर के पूर्ण इच्छेश्वर शिवालय पर लगा आस्था का मेला

जलेसर। पटना पक्षी अभ्यारण स्थित प्राचीन पूर्ण इच्छेश्वर महादेव मंदिर में आस्था का मेला उमड़ पड़ा। ग्रामीण और कस्बा क्षेत्रों से आए हजारों श्रद्धालुओं एवं सैकड़ों कांवड़ियों ने कतारों में लगकर महादेव के दर्शन कर जलाभिषेक किया। वहीं पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों ने कावड़ियों पर जेसीबी से जगह-जगह पुष्प वर्षा की। एसडीएम जलेसर पीयूष रावत सीओ ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, कोतवाली प्रभारी अखिलेश दीक्षित, सुखदेव राजपूत, रामजीलाल राजपूत, शैलेंद्र सिंह राजपूत आदि ने कावड़ यात्रा मार्ग पर निकल रहे कांवरियों पर पुष्प वर्षा की। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कस्बा के प्रमुख चौराहों एवं मंदिरों पर पुलिस बल तैनात रहा।

सकीट के शिवालयों पर लगी रही भक्तों की कतारे

सकीट में तरा वाले शिव मंदिर, मस्मासुर मंदिर, गमा देवी मंदिर, वार्ष्णेय देवी मंदिर समेत सभी मंदिरों पर श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही। भगवान का जलाभिषेक करने के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान को प्रिय बेल पत्र, भांग, धतूरा, पुष्प फल अर्पित कर आरती की।

प्रमुख प्रश्न एवं उत्तर

✦श्रावण मास के अंतिम सोमवार को कितने शिवालयों में भक्तों ने पूजा की?−
श्रावण मास के अंतिम सोमवार को जिले के सभी प्रमुख और छोटे-बड़े शिवालयों में पूजा की गई।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsUP NewsएटाEtah News: अंतिम श्रावणी सोमवार को बारिश के बीच शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब