आए दिन हो रही बेमौसम बरसात फसलों के साथ किसानों के लिए आफत बनी हुई है। जनपद में अब तक सर्वाधिक नुकसान सभी फसलों की अपेक्षा सरसोंं, गेहूं एवं आलू की फसल को हुआ है। इससे किसानों की चिंताए अधिक बढ़ गई है। गुरुवार रात को बारिश एवं ओलावृष्टि होने से जनपद में फसलों को और अधिक नुकसान हुआ है।
गुरुवार रात बारिश एवं ओलावृष्टि होने से जनपद के आठों ब्लॉक के तहत आने वाली 594 ग्राम पंचायतों में अधिकांश सभी प्रकार की फसलों को काफी नुकसान हुआ है। जिसमें सर्वाधिक नुकसान सरसों एवं आलू की फसलों को हुआ है। इसके बाद गेंहू एवं जौ की फसल को भी औसतन काफी नुकसान हुआ है। मार्च माह में लगातार कई बार बेमौसम बारिश ने किसानों को बर्बादी की कगार पर लाकर खड़ा कर दिया है। अभी तक किसानों को चिंता बनी हुए है कि आखिर मौसम अब सामान्य होगा। बेसौसम बरसात से किसानों की चिंता तो लाजमी है ही। इसके अलावा आम आदमी को भी खाद्य पदार्थों पर महंगाई होने का अंदेशा बना हुआ है। इससे लोगों को चिंता बनी हुई है। शुक्रवार को उपकृषि निदेशक एमपी सिंह ने बताया कि बारिश के कारण खेतों में खड़ी गेंहू की फसल गिर गई है। इससे फसल ग्रोथ नहीं करेगी और दाना भी छोटा होगा। इसके अलावा खेतों में कटी पड़ी सरसोंं का सर्वाधिक नुकसान हुआ है। आलू की फसल अब तक बारिश के कारण सबसे अधिक बर्बाद हुई है। इससे खेतों में आलू सड़कर खराब हो जाएगा।