पति की दीर्घायु की कामना कर सुहागिनों ने रखा निर्जला व्रत
Etah News - रविवार को करवाचौथ का त्योहार जिलेभर में पारंपरिक ढंग से मनाया गया। महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर चंद्र दर्शन के बाद पति की लंबी उम्र की कामना की। कई महिलाओं ने अपने पतियों के फोटो देखकर पूजा की। जेल...

रविवार को करवाचौथ का त्योहार जिलेभर में पारंपरिक ढंग से मनाया गया। महिलाओं ने निर्जला व्रत रख शाम को चंद्र दर्शन करने के साथ अर्घ्य देकर पति की दीर्घायु की कामना करते हुए पूजन किया। पतियों ने पत्नियों को जल पिलाकर व्रत खुलवाया। दाम्पत्य जीवन के इस पवित्र त्योहार पर पति-पत्नी ने एक-दूसरे को उपहार देकर अटूट प्रेम का इजहार किया। पति की दीर्घायु के लिए सुहागिन महिलाओं ने सुबह से ही निर्जला व्रत रखा। शाम को दुल्हन की भांति सज-संवरकर घर में करवाचौथ पूजन कलैंडर, करवा, सींक आदि सामिग्री सजाकर करवाचौथ व्रत कथा कही और मिष्ठान, पूड़ी आदि सामिग्री से विधान पूर्वक पूजन किया। अधिकांश महिलाओं ने रात को 07 बजकर 51 मिनट पर चंद्रोदय होते ही छलनी में चंद्रमा और पति को देखकर अर्घ्य दिया। उसके बाद पतियों ने जल पिलाकर पत्नियों का उपवास खुलवाया और विभिन्न प्रकार के उपहार दिए। शाम को चंद्रमा निकलते ही युवाओं ने जमकर आतिशबाजियां चलाई। वहीं जिले के कस्बा अलीगंज, जैथरा, राजा का रामपुर, जलेसर, अवागढ, निधौली कला, मारहरा, सकीट, मिरहची आदि सभी कस्बों में उल्लास के साथ करवाचौथ का त्योहार मनाया गया।
घर से दूर पति का ऑनलाइन दीदार कर किया पूजन
रविवार को करवाचौथ पूजन के समय उन महिलाओं ने अपने पति का फोटो देख कर पूजन किया,जिनके पति उनसे दूर हैं। महिलाओं ने दिनभर व्रत उपवास कर चन्द्रोदय के दौरान अपने पति की फोटों को चलनी में निहारा और चंद्रमा को अर्घ्य वहीं कुछ महिलाओं ने वीडियों कॉल के माध्यम से अपने पति की आरती की। उसके बाद पति से बात कर व्रत खोला।
कारागार में बंदी महिलाओं ने की करवाचौथ पर पूजा-अर्चना
करवा चौथ पर जिला कारागार में बंदी महिलाओं में से अपने पतियों की दीर्घायु की कामना करते हुए करवा चौथ का निर्जला व्रत किया, जिसे देखते हुए जेल प्रशासन ने बंदी महिलाओं को व्रत पूजन संबंधी सभी आवश्यक वस्तुए प्रदान कराई। रविवार को जिला जेल अधीक्षक अमित चौधरी ने बताया कि व्रत रहने वाली बंदी महिलाओं के लिए जेल में स्वादिष्ट पकवान एवं मिष्ठान आदि की व्यवस्था कराई गई।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


