
महिला की हत्या कर शव को फूंका, 14 वर्ष पहले हुआ था प्रेम विवाह
Etah News - 14 वर्ष पहले प्रेम विवाह करने के बाद पति ने पत्नी की हत्या कर दी। झगड़े के बाद रात में शव को जलाने का आरोप है। मायके वालों ने पुलिस को सूचना दी और पति सहित छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य की तलाश जारी है।
14 वर्ष पहले हुए प्रेम विवाह के बाद पत्नी की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को रात्रि में ही फूंक दिया। दो दिन बाद जानकारी मिलने पर मायके पक्ष के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पति सहित छह नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर पति सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर जले हुए शव के अवशेष भी बरामद किए। थाना रिजोर के गांव नगला जवाहर निवासी राजेश प्रताप सिंह वर्तमान में मोहल्ला प्रेमनगर कोतवाली नगर में रहते हैं। वर्ष 2009 में सीपीएमटी (नीट) की पढ़ाई करने के लिए कानपुर गए थे।
वहीं पर कानपुर नगर थाना नौबस्ता मोहल्ला बसंत बिहार निवासी प्रगति मिश्रा पुत्री रामकुमार मिश्रा से मुलाकात की हुई। वर्ष 2011 में राजेश प्रताप सिंह और प्रगति मिश्रा ने आपस में शादी कर ली। शादी के बाद दोनों कानपुर में ही बस गए। बताया जा रहा है कि राजेश प्रताप सिंह स्कूल में पढ़ाता था। मार्च महीने में राजेश पत्नी को लेकर शहर के मोहल्ला प्रेमनगर आ गया और यहीं पर रहने लगा। बताया जा रहा है कि आपस में दोनों में किसी न किसी बात को लेकर झगड़ा होता रहता था। पांच नवंबर को दोनों में आपस में झगड़ा हुआ था। आरोप है कि झगड़े के बाद आरोपी पति ने पत्नी की हत्या कर दी। रात में घरवालों और दोस्तों के साथ मिलकर शव को लेकर गांव नगला जवाहर पहुंच गए। रात में शव को जला दिया। इस बात की जानकारी मायकेवालों को लगी। मृतका की मां निर्मला मिश्रा निवासी मोहल्ला बसंत बिहार सोमवार को कोतवाली नगर पहुंची और नगर पुलिस को घटना की जानकारी दी। मृतका की मां ने कोतवाली नगर में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि आरोपी पति राजेश ने घरवालों, दोस्तों के साथ मिलकर बेटी की हत्या की और शव को जला दिया। कोतवाली नगर प्रभारी प्रेमपाल सिंह का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। अभी मामले की जांच चल रही है। शिकायत मिलने के बाद हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया। नामजद में से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। अन्य की तलाश की जा रही है। जल्द ही अन्य आरोपी भी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे। राजेश सिंह, सीओ सिटी

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




