रंगों के उत्सव की उमंग, चौक-चौराहों पर सजने लगी होलिकाएं

Feb 25, 2026 09:18 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, एटा
share

Etah News - एटा जिले में होली का त्योहार नजदीक आते ही बाजारों में भीड़ बढ़ रही है। लोग होलिका दहन के लिए लकड़ियां और उपले इकट्ठा कर रहे हैं। विभिन्न मोहल्लों में युवा टोली बनाकर होलिका के स्वरूप को भव्य बनाने में जुटे हैं। जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है, जबकि खाद्य सुरक्षा अधिकारी मिलावटखोरों पर नजर रख रहे हैं।

रंगों के उत्सव की उमंग, चौक-चौराहों पर सजने लगी होलिकाएं

जिले में होली के त्योहार की खुमारी लोगों में बढ़ रही है। त्योहार को लेकर जहां बाजारों में ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। वहीं शहर के प्रमुख तिराहे और चौराहों पर होलिका दहन के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। शहर के विभिन्न कॉलोनियों के चौक-चौराहों और मुख्य मार्गों के तिराहो-चौराहों पर स्थानीय लोगों ने होलिका दहन के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। लोग श्रद्धाभाव के साथ होलिका दहन के लिए लकड़ियां, उपले (कंडे) और घरों का पुराना लकड़ी का कबाड़ इकट्ठा कर रहे हैं। मोहल्लों में टोली बनाकर युवा होलिका के स्वरूप को भव्य बनाने में जुटे हैं।

वहीं घरों पर पुरानी परंपरा के अनुसार गुलरियां और उपलों की मालाएं तैयार की जा रही हैं। पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार शहर में करीब 95 से 100 स्थानों पर होलिकाएं दहन की जाएगी। इसके लिए संबंधित क्षेत्र के लोग बड़ी संख्या में लकड़ियां, उपले और घरों का पुराना फर्नीचर डालकर होलिका को रूप देने में जुटे हुए है। बुधवार को शहर के वाल्मीकि बस्ती समेत कई स्थानों पर होलिकाएं रखी गई। इसके साथ ही होली मोहल्ला समेत अन्य मोहल्लों में भी होलिका रखी गई। त्योहार के मद्देनजर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग भी अलर्ट मोड पर है। शहर के संवेदनशील चौराहों पर सीसीटीवी कैमरों व्यवस्था की जा रही है, ताकि होलिका दहन और रंगों के खेल के दौरान शांति व्यवस्था बनी रहे। बाजारों में खरीदारों की रौनक होली का त्योहार नजदीक आते ही एटा के मुख्य बाजारों में खासी भीड़ देखे को मिल रही है। घंटाघर, किराना बाजार, हाथीगेट, बांस मंडी समेत अन्य बाजारों में हर्बल गुलाल की मांग सबसे ज्यादा है। बच्चों के लिए डोरेमोन, स्पाइडरमैन और एवेंजर्स थीम वाली पिचकारियां आकर्षण का केंद्र बन रही है। किराना दुकानों पर पापड़, चिप्स, गुजिया बनाने के सामान और सूखे मेवों की खरीदारी के लिए ग्राहकों की भीड़ दिख रही हैं। नए कपड़ों की खरीदारी के लिए भी लोग उत्साह दिखा रहे हैं। मिलावटखोरों पर विभाग की नजर होली पर खोया और पनीर की मांग को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम भी सक्रिय हो गई है। जिले के विभिन्न हिस्सों से संदिग्ध नमूनों की जांच की जा रही है ताकि त्योहार के दौरान लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ न हो।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।