
तीन दिन बाद खुली सहकारी समितियों पर खाद लेने उमड़ी किसानों की भीड़
Etah News - सोमवार को तीन दिन बंद रहने के बाद सहकारी समितियों पर उर्वरक लेने के लिए किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कई किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध होने के बावजूद बिना खाद लिए लौटना पड़ा। एआर कोऑपरेटिव ने बताया...
तीन दिन बंद रहने के बाद सोमवार को खुली सहकारी समितियों पर उर्वरक लेने के लिए किसानों की अपार भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से शाम तक लाइनों में लगे रहने के बाद भी अधिकांश किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध होने के बाद भी बगैर खाद लिए ही लौटना पड़ा। सोमवार को शहरी क्षेत्र की सभी छह सहकारी समितियों पर सुबह चार-पांच बजे से ही यूरिया खाद लेने के लिए आए किसानों की भीड़ लग गई। सुबह के 10 बजने तक सभी समितियों पर खाद लेने वाले किसानों की संख्या हजारों में पहुंच गई। उसके बाद भी समितियों के सचिवों ने निर्धारित समय 10 बजे के बाद ही खाद का वितरण शुरू किया, जिससे भोर की लालिमा से पहले के खड़े बुजुर्ग और महिला किसानों के हाल बेहाल हो गया।

धूप निकलने के बाद घंटों से लाइनों में लगे बुजुर्ग और महिलाओं का भूख, प्यास से बुराहाल हो गया। लोगों की समस्या को देखते हुए एआर कोऑपरेटिव सतीश कुमार, जिला कृषि अधिकारी डॉ. मनवीर सिंह शहरी क्षेत्र सहित देहात क्षेत्र की खाद विक्रय समितियों पर व्यवस्थाओं को संभालने और अपने समक्ष नियमानुसार खाद का वितरण कराने में जुटे रहे। सबसे अधिक भीड़ अलीगंज तिराहा स्थिति दोनों इफको खाद केंद्र, शीतलपुर स्थित कृभको खाद केंद्र, के अलावा मंडी समिति के दोनों खाद केंद्रों के अलावा बली मोहम्मद चौराहा स्थित इफको खाद समिति पर बनी रहीं। जिले में पर्याप्त है खाद भंडारण सोमवार को एआर कोआपरेटिव सतीश कुमार ने बताया कि खरीफ फसलों के लिए एक अप्रैल से 30 अक्तूबर तक वितरित करने के लिए शासन से कुल 12563 मीट्रिक टन यूरिया खाद वितरण करने का लक्ष्य मिला है। इसके सापेक्ष जिले की सभी 68 सहकारी समितियों पर 17 अक्तूबर तक कुल 13921 मीट्रिक टन यूरिया का वितरण कराया जा चुका है। वर्तमान में भी सभी समितियों पर 6360 मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध है। एआर कोआपरेटिव ने बताया पिछले वर्ष खरीफ फसल उत्पादन कराने के लिए जिले में कुल 7463 मीट्रिक टन यूरिया का वितरण हुआ था। पिछले साल की अपेक्षा में इस बार यूरिया का वितरण करीब दो गुना हो चुका है। उन्होंने बताया कि तीन दिन अवकाश रहने के साथ बारिश अच्छी होने से किसान एक साथ समितियों पर खाद लेने पहुंचे, जिससे भीड़ अधिक हो गई।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




