Hindi NewsUttar-pradesh NewsEtah NewsETA-TUNDLA Highway Expected to Become National Highway by 2025

2025 में जिले को एटा-आगरा नेशनल हाइवे की उम्मीद

Etah News - आगामी वर्ष 2025 में एटा-टूंडला मार्ग को नेशनल हाइवे बनाए जाने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को प्रस्ताव सौंपा है। मार्ग का चौड़ीकरण जरूरी है क्योंकि यहां पर वाहनों का लोड बहुत अधिक है।...

Newswrap हिन्दुस्तान, एटाMon, 30 Dec 2024 10:47 PM
share Share
Follow Us on
2025 में जिले को एटा-आगरा नेशनल हाइवे की उम्मीद

आगामी वर्ष 2025 में एटा-टूंडला मार्ग नेशनल हाइवे बनाए जाने की उम्मीद है। मुख्य मार्ग को नेशनल हाइवे घोषित करने के साथ फोरलेन बनाए जाने का प्रस्ताव स्वयं मुख्यमंत्री ने केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री को सौंपा है। इसके बाद एनएचएआई ने पीडब्ल्यूडी से मार्ग का डेटा ले लिया है। केंद्रीय राज्य मंत्री/आगरा सांसद प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल एवं एटा सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड, मारहरा विधायक वीरेंद्र लोधी, जलेसर विधायक संजीव दिवाकर सहित अन्य कई जनप्रतिनिधियों की मांग पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गड़करी से मुलाकात कर कासगंज के नदरई से एटा-कासगंज मार्ग सहित एटा-टूंडला मार्ग को पूरा एक नेशनल हाइवे बनाए जाने के संबंध में प्रस्ताव दिया है। मुख्यमंत्री के इस प्रस्ताव के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने लोक निर्माण विभाग एटा से एटा-टूंडला मार्ग का पूरा डेटा ले लिया है। इसके चलते एटा के लोगों को पूरी उम्मीद बनी हुई है कि आगामी वर्ष 2025 में एटा-टूंडला मार्ग को स्टेट हाइवे से नेशनल हाइवे बना दिया जाएगा। इस मार्ग के नेशनल हाइवे बनने के बाद मार्ग को फोरलेन किया जाएगा।

आगरा-बरेली को जोड़ता एटा-टूंडला मार्ग

आगरा-बरेली को जोड़ने वाला लगभग 62 किमी लंबा एटा-टूंडला मार्ग अब तक सात मीटर ही चौड़ा है। जबकि इस मार्ग पर 24 घंटे के अंदर 40 हजार से अधिक छोटे बड़े सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन होता है। मार्ग की चौड़ाई गुजरने वाले वाहनों की संख्या के अनुसार काफी कम है। इस कारण मार्ग पर आए दिन ओवर टेकिग के कारण हादसे होते रहते हैं। इतना ही नहीं मार्ग के सभी पुलों की चौड़ाई पांच या छह मीटर से अधिक नहीं हैं।

वसुंधरा और अवागढ़ जाकर फंस जाते वाहन

एटा-टूंडला मार्ग पर पड़ने वाले कस्बा वसुंधरा और अवागढ़ में मार्ग काफी संकरी होने के कारण मार्ग पर गुजरने वाले वाहन घंटों तक जाम में फंसे रहते हैं। इन दोनों स्थानों पर हाइवे बाईपास की भी काफी जरुरत है।

एटा के लोगों की उम्मीद

एटा-टूंडला मार्ग पर जिस प्रकार वाहनों का लोड़ रहता है उस प्रकार मार्ग की चौड़ाई काफी कम है। हर दिन हजारों लोग एटा-आगरा आवागमन करते है। मार्ग संकरी होने के कारण मिनटों का सफर ढाई से तीन घंटों में तय करना पड़ रहा है। अगर एटा-टूंडला मार्ग एनएच हो जाए तो उसकी देख रेख केंद्र सरकार के हाथ में होगी। मार्ग का चौड़ीकरण भी आसानी होना संभव होगा। इससे एटा-आगरा की दूरी चंद मिनटों में पूरी होगी।-अरुण राजोरिया

एटा-टूंडला मार्ग आगरा-बरेली जैसे महानगरों को जोडने वाला प्रमुख मार्ग है। इस मार्ग पर हर दिन हजारों वाहनों का आवागमन होता है। वर्षो बीत जाने के बाद भी मार्ग का चौड़ीकरण नहीं हुआ है। इसके लिए एटा और आगरा के जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से मांग की है। जिनकी मांग पर मुख्यमंत्री ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री को प्रस्ताव सौंपा। उनके प्रस्ताव देने के बाद पूरी उम्मीद है कि वर्ष 2025 में एटा-टूंडला मार्ग का चौड़ीकरण होगा। इसकी बेहद जरुरत है।-प्रवेश मिश्रा

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें