मौत के बाद भी सफाईकर्मी को मिल रहा वेतन, मृतक का बेटे की भी लग गई नौकरी
Etah News - ब्लॉक अलीगंज की ग्राम पंचायत सवा में सफाई कर्मी प्रकाश की मौत के बाद भी विभाग उसके खाते में वेतन भेजता रहा। इस बीच, उसके बेटे गोविंद को मृतक आश्रित कोटे पर नौकरी मिल गई। अब दोनों के नाम पर वेतन जारी होने से सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप लगे हैं।

ब्लॉक अलीगंज क्षेत्र की ग्राम पंचायत सवा में तैनात सफाई कर्मी की मौत के महीनों बाद भी विभाग मृतक के खाते में वेतन भेज रहा है। हद तो तब हो गई जब मृतक के स्थान पर उसके आश्रित बेटे को नौकरी मिल गई। अब तक विभाग मृतक पिता और आश्रित पुत्र दोनों के नाम पर दोहरा वेतन जारी कर रहा है। ग्राम पंचायत सवा में तैनात सफाई कर्मी प्रकाश की मृत्यु 27 जून 2025 को हो गई थी। नियमानुसार कर्मचारी की मृत्यु के तत्काल बाद विभाग को इसकी सूचना देकर वेतन प्रक्रिया पर रोक लगानी चाहिए थी। विभाग की कार्यशैली ऐसी रही कि सफाई कर्मी प्रकाश की मृत्यु के बाद भी जुलाई, अगस्त, सितंबर, अक्तूबर और यहां तक कि नवंबर माह का वेतन भी उनके बैंक खाते में निर्बाध रूप से भेजा गया।
मामले में चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब मृतक प्रकाश के पुत्र गोविंद को मृतक आश्रित कोटे के तहत 15 अक्तूबर 2025 को नियुक्ति मिल गई। गोविंद ने अपनी ड्यूटी ज्वाइन कर ली और उसे अक्तूबर एवं नवंबर का वेतन भी मिल गया। पिता की जगह पर बेटा नौकरी कर रहा है, उसी मृत पिता का वेतन भी सरकारी खजाने से लगातार निकल रहा है। यह सीधे तौर पर सरकारी धन का दुरुपयोग और विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की बड़ी लापरवाही है। आखिर बिना उपस्थिति और बिना सत्यापन के महीनों तक वेतन कैसे जारी होता रहा। विभाग की पारदर्शिता पर सवाल यह मामला पंचायती राज विभाग के उपस्थिति सत्यापन और वेतन बिल पास करने वाली पूरी प्रक्रिया पर सवालिया निशान लगाता है। ऐसा लगता है कि ब्लॉक स्तर पर सफाई कर्मियों की उपस्थिति की निगरानी नहीं होती। एडीओ पंचायत और बीडीओ को कर्मचारी की मृत्यु की जानकारी नहीं होती। एक ही पद के विरुद्ध दो लोगों (एक जीवित और एक मृत) का वेतन कैसे निकाला जा रहा है। मृतक सफाई कर्मी का वेतन निकलने का मामला संज्ञान में आया है। नौकरी पाने वाले मृतक आश्रित वाले बेटे गोविंद को नोटिस दे दिया गया है। जल्द ही मृतक आश्रित से मृतक सफाई कर्मी के खाते में भेजे गए वेतन की रिकवरी कराई जाएगी।--मोहम्मद राशिद, डीपीआरओ, एटा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


