
कोहरे और नमी ने बिगाड़ी स्ट्रीट लाइटें, हादसों का बढ़ा डर
Etah News - घने कोहरे और ठंड ने जनजीवन को प्रभावित किया है। नगर पालिका की लाइटिंग व्यवस्था में तकनीकी खराबी आई है, जिससे अधिकांश लाइटें बंद हो गई हैं। इससे अंधेरा होने पर महिलाओं और बच्चों को डर लग रहा है। लोग नगर पालिका से खराब लाइटों को ठीक करने और नए पोल लगाने की मांग कर रहे हैं।
पिछले कुछ दिनों से जारी घने कोहरे और गलन भरी ठंड ने न केवल जनजीवन प्रभावित किया है, बल्कि नगर पालिका की प्रकाश व्यवस्था की पोल को भी खोल दिया है। कोहरे के कारण लाइटों के तारों और जंक्शन बॉक्स में नमी जाने से शॉर्ट सर्किट और अन्य तकनीकी खराबी आ रही हैं। इससे बिजली पोलों पर लगी अधिकांश लाइटें बंद हो गई है। लाइटें बंद होने से शाम ढलते ही संबंधित क्षेत्रों में अंधेरा हो रहा है। इससे कोहरे में दृश्यता कम होने के साथ महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को डर बना हुआ है। शहर के अंदर लाइटों की सबसे बदतर स्थिति शहर के अंदर आगरा रोड पर नलकूप कॉलोनी से लेकर आगरा रोड चुंगी बनी हुई है।
आगरा रोड स्थित द्वारिकापुरी के लोगों का कहना है कि इस व्यस्त और मुख्य मार्ग पर अधिकांश बिजली पोलों पर अब तक स्ट्रीट लाइटें नहीं लगवाई गई हैं। जहां लाइटें लगी भी हैं, वह भी बंद पड़ी हैं। आगरा रोड पर रात के समय अंधेरा होने पर दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लोगों ने नगर पालिका से मांग की है कि कोहरे के इस मौसम को देखते हुए तत्काल सभी खराब लाइटों को ठीक कराया जाए और आगरा रोड समेत अन्य मार्गों के छूटे पोलों पर लाइटें लगवाई जाएं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




