2.34 लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए ढूंढ रहा स्वास्थ विभाग
Etah News - स्वास्थ्य विभाग जनपद में 2,34,185 लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने में जुटा है। कई लाभार्थी नौकरी के लिए गांव से बाहर चले गए हैं। चार ब्लॉकों में प्रगति कम होने पर नोटिस जारी किए गए हैं। 70 वर्ष से अधिक आयु के 26,860 व्यक्तियों के कार्ड बनाए गए हैं, जबकि जीरो पॉवरटी वाले 383 कार्ड जारी किए गए हैं।

आयुष्मान कार्ड बनाने को स्वास्थ्य विभाग जनपद में 2,34,185 लाभार्थियों को ढूंढने में जुटा हुआ है। इनको ढूढने विभाग की टीमें निरंतर गांव में जा रही है। इसके बाद भी इनके आयुष्मान कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। गांव में लोग इन लाभार्थियों के न होने की जानकारी दे रहे है। ग्रामवासियों का कहना है अधिकांश लाभार्थी नौकरी करने के लिए गांव से बाहर चले गये हैं। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के नोडल अधिकारी डा. राममोहन तिवारी ने बताया कि जनपद में 7,39,931 लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने हैं, जिसमें से 5,05,746 लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाये जा चुके हैं।
इसके बाद जनपद में 2,34,185 अभी कार्ड बनाए जाने के लिए जनपद में शेष रह गए हैं। इन लाभार्थियों को तलाश कर आयुष्मान कार्ड बनाये जाने को टीमें लगातार काम कर रही है। समीक्षा बैठक में प्रगति कम होने पर नाराजगी व्यक्त की जा रही है। नोडल अधिकारी ने बताया कि समीक्षा बैठक में कम प्रगति पाये जाने पर अब तक चार ब्लॉक के एमओआईसी को नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें प्रमुख रूप से सकीट, अवागढ़, जैथरा और अलीगंज शामिल है। इन ब्लॉक में आयुष्मान कार्ड प्रगति निर्धारित लक्ष्य से कम पायी गई है। उन्होंने बताया कि ब्लॉक सकीट में 77,988 लक्ष्य के सापेक्ष 48,768, अवागढ़ में 63,154 के सापेक्ष 37,705, अलीगंज में 92,106 के सापेक्ष 52,459 और जैथरा में 74,034 के सापेक्ष 43,342 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। इन ब्लॉक में कम प्रगति पाये जाने पर एमओआईसी को टीमों को गांव में भेजकर जल्द से जल्द लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड बनवाये जाने को निर्देशित किया गया है। जिनको टीमें गांव में जाकर लगातार ढूढने का काम कर रही हैं। जीरो पॉवरटी लाभार्थियों को दिये गये शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड नोडल अधिकारी ने बताया कि योजना के तहत अति गरीब वर्ग के जीरो पॉवरटी वाले 420 लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनाये जाने का लक्ष्य दिया गया था, जिसमें से जनपद में 383 के आयुष्मान कार्ड बनाये जा चुके हैं। इनमें से 37 शेष रह गये हैं। इनमें से 31 लाभार्थियों के अभिलेखों में कमियां पायी गई है। एक लाभार्थी दूसरी स्कीम में लाभ ले रहा है। जबकि योजना में चयनित पांच लाभार्थियों की मृत्यु हो चुकी है। शेष रह गये लाभार्थियों का विभाग सत्यापन करा रहा है। 70 वर्ष से अधिक आयु के 26 हजार बनाये कार्ड नोडल अधिकारी ने बताया कि योजना में 70 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने के शासन से निर्देश दिए हैं। शासन के निर्देश के बाद जनपद में 26,860 व्यक्तियों को आयुष्मान कार्ड से लाभान्वित किया जा चुका हैं। उन्होंने बताया कि इस आयु वर्ग के लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसलिए कोई लक्ष्य निर्धारित नहीं हो पा रहा है। आयुष्मान कार्ड लक्ष्य के सापेक्ष जनपद में नहीं बन पाये हैं। जनपद में अभी सवा दो लाख के लगभग लाभार्थी शेष है। योजना प्रगति कम रहने पर चार ब्लॉक एमओआईसी को नोटिस दिये गये हैं। उनको जल्द से जल्द निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप आयुष्मान कार्ड बनाये जाने को निर्देशित किया गया है।-डा. राजेन्द्र प्रसाद, सीएमओ, एटा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


