तुम तो ठहरे परदेशी, साथ क्या निभाओगे...
Etah News - एटा महोत्सव में अल्ताफ राजा ने अपनी गायकी से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके प्रसिद्ध गाने 'तुम तो ठहरे परदेशी' ने सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम में प्रशंसकों ने सेल्फी लेने की होड़ लगाई। अधिकारियों ने सांस्कृतिक आयोजनों के महत्व की सराहना की।

एटा महोत्सव में सांस्कृतिक पंडाल रविवार की रात सुनहरी यादों और सुरों के नाम रही। नब्बे के दशक के मशहूर पार्श्व गायक अल्ताफ राजा ने जब अपने चिर-परिचित अंदाज में तुम तो ठहरे परदेशी... छेड़ दिया, तो पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। चहेते गायक को सुनने के लिए शहर समेत जिले के दूर दराज क्षेत्रों से भी लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। रविवार रात जैसे ही अल्ताफ राजा प्रदर्शनी पंड़ाल की लेजर लाइट और बड़ी एलईडी स्क्रीन से जगमग भव्य मंच पर पहुंचे, प्रशंसकों ने उनका तालियां बजाकर जोरदार स्वागत किया। अल्ताफ राजा ने कार्यक्रम का आगाज अपनी मशहूर शेरों शायरियों, कव्वाली और गजलनुमा गीतों से किया।
जैसे ही उन्होंने अपना सबसे लोकप्रिय गाना तुम तो ठहरे परदेशी साथ क्या निभाओगे.. शुरू किया, युवा तो दूर उम्रदराज लोग भी झूमने पर मजबूर हो गए। इसके बाद उन्होंने इश्क और प्यार का मजा लीजिए, थोड़ा इंतजार कीजिए.., जा बेवफा जा हमें प्यार नहीं करना..आदि मशहूर गीतों को सुनाकर प्रेम और विरह की भावनाओं को सुरों में पिरो दिया। अल्ताफ राजा ने अपने खुद के एलबम के गानों के साथ-साथ कई सुपरहिट फिल्मी गीतों की भी शानदार प्रस्तुति दी। उनकी गायकी का जादू ऐसा चला कि लोग घंटों तक अपनी जगह पर जमे रहे और हर गाने पर तालियां बजाने के साथ बाद वन्स मोर करते रहे। कार्यक्रम में मौजूद एडीएम वित्त एवं राजस्व लालता प्रसाद शाक्य और एएसपी स्वेतभा पांडेय ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अधिकारियों ने गायक अल्ताफ राजा की कला की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों से जिले की कलात्मक विरासत को बढ़ावा मिलता है। प्रशंसकों में रही अल्ताफ राजा के साथ सेल्फी की होड़ अल्ताफ राजा को देखने और सुनने की बेताबी लोगों में इस कदर थी कि पंडाल खचाखच भर गया। पंडाल के बाहर भी लोग बड़ी स्क्रीन और लाउडस्पीकर के माध्यम से कार्यक्रम का आनंद लेते दिखे। महोत्सव में आए दर्शनार्थियों ने न केवल अल्ताफ के गीतों का आनंद लिया, ब्लकि कार्यक्रम समापन के बाद प्रशंसकों ने जमकर उनके साथ सेल्फी ली।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




