सर्दी में अलीगंज क्षेत्र में चौकीदारों को बढ़ानी होगी रात्रि गश्त और सतर्कता
Etah News - शनिवार को कोतवाली अलीगंज में चौकीदारों की बैठक हुई। क्षेत्राधिकारी नीतीश गर्ग ने गांवों की सुरक्षा को मजबूत करने पर चर्चा की। चौकीदारों को सतर्क रहने और रात में गश्त करने के निर्देश दिए गए। सर्दियों में चोरी और अपराधों में वृद्धि की आशंका को देखते हुए चौकीदारों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया।

शनिवार को कोतवाली अलीगंज परिसर में चौकीदारों की बैठक हुई। बैठक में क्षेत्राधिकारी नीतीश गर्ग एवं कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने गांवों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से चौकीदारों से संवाद किया। गांवों की वर्तमान स्थिति, आपसी विवाद, संदिग्ध गतिविधियों और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। क्षेत्राधिकारी नितीश गर्ग ने कहा कि गांव की शांति व्यवस्था बनाए रखने में चौकीदारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनकी सतर्कता से ही अपराधों पर नियंत्रण संभव है। विशेष रूप से ठंड के मौसम में चौकीदारों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्दियों में चोरी, आपराधिक घटनाओं और संदिग्ध गतिविधियों की आशंका बढ़ जाती है।
रात्रि गश्त को नियमित और प्रभावी बनाया जाए। सभी चौकीदारों को अपने-अपने गांवों में रात के समय चक्कर लगाने, सुनसान स्थानों पर नजर रखने और किसी भी असामान्य गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने के लिए कहा गया। चौकीदारों से कहा अपने हल्का इंचार्ज और कोतवाली से निरंतर संपर्क में रहें। किसी भी प्रकार की सूचना को छिपाने के बजाय तुरंत साझा करें। बैठक में चौकी इंचार्ज विपिन कुमार, उप निरीक्षक हिर्देश कुमार, महिला चौकी इंचार्ज मनीषा सहित अलीगंज थाने के समस्त चौकीदार उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


