गर्लफ्रेंड के फोन से टूटी सगाई, मंगेतर हुआ फरार; लड़की वालों से बोली- 6 साल से अफेयर
गोरखपुर में सगाई समारोह के दौरान युवक की प्रेमिका के फोन से रिश्ता टूट गया। प्रेम संबंध और गर्भपात के आरोपों के बाद हंगामा हुआ। युवक और उसके पिता फरार हैं। युवती पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

गोरखपुर के पीपीगंज नगर स्थित एक मैरिज हाल में शुक्रवार को सगाई समारोह के दौरान अचानक ऐसा घटनाक्रम हुआ, जिसने मौजूद लोगों को हैरान कर दिया। युवक की कथित प्रेमिका के फोन कॉल के बाद सगाई टूट गई और मौके पर हंगामा मच गया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को बुलाया गया, जिसके बाद दोनों पक्षों को थाने ले जाया गया। युवती पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने युवक पक्ष के तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि युवक और उसके पिता के फरार होने की बात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, गुलरिहा थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती की शादी खजनी थाना क्षेत्र के सियर टोला निवासी सौरभ चौहान से तय हुई थी। सौरभ चौहान डाक विभाग के गोरखपुर रेल मेल सेवा में कार्यरत बताया जा रहा है। दोनों परिवारों के बीच शादी की तैयारियां काफी समय से चल रही थीं। 13 फरवरी को पीपीगंज स्थित न्यू एम.एल. पैलेस मैरिज हाल में सगाई का कार्यक्रम रखा गया था, जबकि एक मई को तिलक और पांच मई को शादी की तारीख तय थी। सगाई के लिए मैरिज हाल की बुकिंग समेत अन्य तैयारियों पर लाखों रुपये खर्च किए गए थे।
कार्यक्रम के दौरान जब वर पक्ष के लोग देर से पहुंच रहे थे तो लड़की के भाई ने सौरभ के मोबाइल पर कॉल किया। फोन एक युवती ने उठाया और खुद को सौरभ की प्रेमिका बताते हुए दावा किया कि उसका सौरभ चौहान से पिछले छह सालों से प्रेम संबंध है। उसने यह भी आरोप लगाया कि कई गर्भपात करा चुकी है और युवक दूसरी जगह शादी कर रहा है। उसने अपने दावों के समर्थन में फोटो, वीडियो और बातचीत की रिकॉर्डिंग भी भेजी, जिससे कार्यक्रम स्थल पर हड़कंप मच गया।
युवती पक्ष के अनुसार, शादी के लिए लड़के वालों ने छह लाख रुपये नकद, 10 ग्राम सोने की माला और पांच ग्राम सोने की अंगूठी की मांग की थी, जिस पर सहमति बनी थी। बाद में दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई, जिसमें लड़के के पिता ने मैरिज हॉल की बुकिंग का 4.45 लाख रुपये और पहले दिए गए तीन लाख रुपये लौटाने की बात कही। तय हुआ कि यह हिसाब-किताब पीपीगंज थाने में होगा, लेकिन बाद में युवक और उसके परिजन वहां से चले गए और थाने नहीं पहुंचे।
लड़की पक्ष का आरोप है कि फोन करने पर उन्हें गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने युवक के कथित बहनोई और दो दोस्तों को थाने में बैठाकर पूछताछ शुरू कर दी है और मुख्य आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर जरूरी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



