राम मंदिर में ड्यूटी का आदेश मिलते ही कर्मचारी ने दिया इस्तीफा, व्हाट्सएप पर भेजा रिजाइन लेटर

संवाददाता, अयोध्या
Follow us on Google News
share

राम मंदिर में चढ़ावे की गणना की निगरानी के लिए नियुक्त ट्रस्ट के एक कर्मचारी ने ड्यूटी का आदेश जारी होने के साथ ही इस्तीफा दे दिया। उन्होंने  व्हाट्सएप के माध्यम से अपना इस्तीफा भेजा। हालांकि, उसे अपना इस्तीफा ईमेल के जरिए भेजने और प्रवेश पत्र समेत अन्य जरूरी सामान जमा कराने के निर्देश दिए गए।

employee overseeing the counting of offerings at the ram mandir has resigned
राम मंदिर में ड्यूटी का आदेश मिलने पर कर्मचारी ने इस्तीफा दे दिया

UP News: अयोध्या स्थित राम मंदिर में SBI कर्मचारियों द्वारा की जा रही चढ़ावे की गणना की निगरानी के लिए नियुक्त ट्रस्ट के कर्मचारी विजय पाठक ने ड्यूटी का आदेश जारी होने के साथ ही गुरुवार को इस्तीफा दे दिया। उन्होंने राम मंदिर ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन को व्हाट्सएप के माध्यम से अपना इस्तीफा भेजा। हालांकि, व्हाट्सएप पर भेजे गए इस्तीफे को लेकर संबंधित कर्मचारी को निर्देश दिया गया है कि वह अपना इस्तीफा ईमेल के जरिए भेजें और मंदिर आकर प्रवेश पत्र समेत अन्य जरूरी सामान जमा कराएं।

मिली जानकारी के अनुसार, ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव ने गुरुवार को चढ़ावे की गणना की निगरानी के लिए दो कर्मचारियों की नियुक्ति की थी। इनमें से एक कर्मचारी अमित कुमार ने अपना कार्यभार संभाल लिया है, जबकि दूसरे कर्मचारी विजय पाठक ने नियुक्ति के साथ ही इस्तीफा दे दिया।

छह में से चार कर्मचारियों ने संभाला कार्यभार

इस तरह से ट्रस्ट के द्वारा गणना की निगरानी में तैनात किए गये छह कर्मचारियों में से चार ने कार्यभार संभाल लिया है। जबकि एक ने अभी भी आदेश का अनुपालन नहीं किया है और दूसरे का इस्तीफा ही हो गया। दरअसल चढ़ावा चोरी की घटना और गिरफ्तार आठ आरोपियों की स्थिति के साथ यहां के मुद्दे को लेकर देश भर में उछाले जाने के बाद बाकी कर्मचारी सहम गये है और कोई भी अब गणना स्थल के आसपास भी ड्यूटी करने को तैयार नहीं है। कर्मचारियों के बीच पहले इस खौफ के कारण पहले कुछ दिनों तक रिटायर्ड फौजियों से सेवा ली गयी। फिलहाल बैंक प्रबंधन ने पूरी व्यवस्था अपने हाथों में ले ली है।

एसबीआई और राम मंदिर ट्रस्ट के बीच हुए अनुबंध और तैयार किए एसओपी के मुताबिक भी बैंक प्रबंधन के जिम्मे ही यह व्यवस्था थी लेकिन बैंक व ट्रस्ट दोनों ही एसओपी के प्रति गंभीर नहीं रहे जिसके चलते चोरी की घटना ही नहीं कारित हुई बल्कि राम मंदिर ट्रस्ट और संघ परिवार के साथ केंद्र व प्रदेश की सरकारों पर भी सवाल उठे। फिलहाल अब मामला सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच के अंतर्गत है। ऐसी स्थिति में निगरानी के लिए भी कर्मचारी जाना नहीं चाहते तो अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन के द्वारा सवाल-जवाब के लिए नोटिस देनी पड़ रही है।

कार्यरत एजेंसियों में कुछ की आर्थिक स्थिति खराब

राम मंदिर में सफाई व्यवस्था से लेकर सीवरेज -ड्रेनेज तक की अलग-अलग व्यवस्थाओं में करीब एक दर्जन एजेंसियां कार्यरत हैं। जिन्होंने यहां मानव संसाधन उपलब्ध कराया है। इनमें कुछ कंपनियां मल्टी नेशनल है तो कुछ छोटी कंपनियां भी है। मेसर्स शंकर इलेक्ट्रिकल्स बंगलुरु मल्टी नेशनल है। इस कंपनी के कर्मचारियों को नियमित वेतन मिल रहा है। यह कंपनी अपने संसाधनों से कर्मचारियों को वेतन भुगतान कर राम मंदिर ट्रस्ट से भुगतान लेती रहती है। वहीं कुछ कंपनियां सीआर फंड से धन जुटाकर कर्मचारियों का वेतन देती है और ट्रस्ट से लेट लतीफ भुगतान प्राप्त करती है। सफाई व्यवस्था में लगी कंपनियों में बीवीजी जिसके पास राम मंदिर की सफाई व्यवस्था का जिम्मा है। वह कर्मचारियों से संबंधित चार महीने अप्रैल, मई, जून और जुलाई का वेतन बकाया है।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsराम मंदिर में ड्यूटी का आदेश मिलते ही कर्मचारी का इस्तीफा