उधार सिगरेट न देने पर बुजुर्ग दुकानदार की हत्या, बचाने आई पत्नी-बहू को भी पीटा

लाइव हिन्दुस्तान
share

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में उधार सिगरेट नहीं देने पर बुजुर्ग दुकानदार की हत्या कर दी गई।  बीच-बचाव करने आई बुजुर्ग की पत्नी, पुत्रवधू और दो मासूम बच्चियों को भी पीटकर घायल कर दिया।

उधार सिगरेट न देने पर बुजुर्ग दुकानदार की हत्या, बचाने आई पत्नी-बहू को भी पीटा
उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में उधार सिगरेट नहीं देने पर बुजुर्ग दुकानदार की हत्या कर दी गई। Crime representative image

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में बरखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम नरायनपुर में रविवार रात सिगरेट उधार न देने पर पड़ोसियों ने 70 वर्षीय किराना दुकानदार श्रीपाल गुप्ता की घर में घुसकर हत्या कर दी। बीच-बचाव करने आई बुजुर्ग की पत्नी, पुत्रवधू और दो मासूम बच्चियों को भी पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी पिता और उसके दो बेटों को गिरफ्तार कर लिया है।

18 अगस्त की रात करीब आठ बजे श्रीपाल गुप्ता अपनी दुकान पर बैठे थे। तभी पड़ोसी सुनील कुमार उर्फ भोला वहां सिगरेट उधार लेने आया। श्रीपाल ने उधार देने से मना किया। इसके बाद सुनील आगबबूला होकर अपने घर गया। वह अपने भाई सुशील और पिता महेन्द्रपाल गंगवार के साथ लोहे की रॉड और बेलचा लेकर वापस लौटा। आरोप है कि तीनों ने दुकान में घुसकर श्रीपाल पर हमला कर दिया। श्रीपाल घर में भागे तो आरोपी पीछे से घर में घुस गए। बेलचे का गहरा वार जांघ पर लगने से श्रीपाल लहूलुहान होकर गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर श्रीपाल को बचाने दौड़ीं उनकी पत्नी मुन्नी देवी और पुत्रवधु छाया देवी को भी दबंगों ने पीटकर घायल कर दिया।

दो बच्चियों को पटका

आरोपियों ने घर की दो मासूम बच्चियों 2 वर्षीय सिया और 8 माह की बिंद्रा को भी पटक दिया। बरेली के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान श्रीपाल की मौत हो गई। हत्या की सूचना मिलने पर एसपी सुकीर्ति माधव, एएसपी विक्रम दहिया मौके पर पहुंचे। एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि मुख्य आरोपी सुनील उर्फ भोला, उसके भाई सुशील और पिता महेन्द्रपाल गंगवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

बुलंदशहर : टीवी का चैनल बदलने पर छोटे भाई की चाकू से गोदकर हत्या में उम्रकैद

वहीं बुलंदशहर में अपर सत्र न्यायाधीश न्याय कक्ष संख्या-3/विशेष गैंगस्टर अधिनियम तबरेज अहमद ने वर्ष 2024 को कोतवाली देहात क्षेत्र में टीवी चैनल बदलने को लेकर हुए विवाद में छोटे भाई की चाकू से गोदकर हत्या करने में अभियुक्त भाई को उम्रकैद की सजा सुनाई है। इसके साथ ही न्यायाधीश ने अभियुक्त पर 51 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी प्रवीण कुमार राणा एवं ध्रुव कुमार वर्मा ने बताया कि 14 अक्तूबर 2024 को वादी मुकदमा शिवम ने तहरीर देकर बताया कि रात के वक्त वह उसकी मां अनीता, बड़ा भाई बिट्टू तथा छोटा भाई मृतक अभिषेक उर्फ गुल्लन घर पर मौजूद थे। बिट्टू टीवी देख रहा था, जिसका रिमोट अभिषेक के पास था। अभिषेक ने चैनल बदल दिया, जिस पर बिट्टू नाराज हो गया। कहासुनी के दौरान बिट्टू ने अभिषेक के सीने व पेट पर चाकू से कई जगह वार किए, जिससे अभिषेक की मौत हो गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी बिट्टू को गिरफ्तार कर चालान कर दिया और जांच कर आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल कर दिया। अपर सत्र न्यायाधीश न्याय कक्ष संख्या-3/विशेष गैंगस्टर अधिनियम तबरेज अहमद ने अभियुक्त बिट्टू को दोषी करार दिया। न्यायाधीश ने अभियुक्त को उम्रकैद और 51 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है।

Deep Pandey

लेखक के बारे में

Deep Pandey

दीप नरायन पांडेय लाइव हिन्दुस्तान में पिछले आठ सालों से यूपी की खबरें करते हैं। डिजिटल, टीवी और प्रिंट जर्नलिज्म में 15 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले दीप नरायन पांडेय वरिष्ठ पत्रकार हैं। दीप अब डिजिटल मीडिया के जाने माने नाम बन गए हैं। दीप हिंदी भाषा की डिजिटल पत्रकारिता के नए आयामों को बेहतर समझते हैं। यूपी की राजनीति के साथ क्राइम की खबरों पर अच्छी पकड़ है। सामाजिक, इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन, शिक्षा और हेल्थ पर भी लिखते हैं। दीप पाठकों की पसंद को समझने और उसी तरह से न्पूज प्रस्तुत करने में माहिर हैं। दीप सरल भाषा में खबरों को पाठकों तक पहुंचाते हैं। खबर लिखने के अलावा साहित्य पढ़ने-लिखने में भी रुचि रखते हैं। मास कम्युनिकेशन में बीए और एमए दीप नरायन पांडेय मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोंडा के रहने वाले हैं। दीप ने पत्रकारिता की शुरुवात लखनऊ से की। टीवी चैनल से करियर का आगाज करने वाले दीप इसके बाद प्रिंट अमर उजाला लखनऊ में भी रहे। हिन्दुस्तान प्रिंट में वाराणसी, गोरखपुर, फिर लखनऊ में कार्य के दौरान विभिन्न जिलों के डेस्क इंचार्ज रहे हैं। यूपी विधानसभा चुनाव 2012, 2017, 2022, लोकसभा चुनाव, पंचायत चुनावों के दौरान बेहतर कवरेज कर चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsउधार सिगरेट न देने पर बुजुर्ग दुकानदार की हत्या, बचाने आई पत्नी-बहू को भी पीटा