
छोटे की मौत के दूसरे दिन फांसी पर झूल गया बड़ा भाई, अवैध संबंधों के लेकर हुआ था विवाद
यूपी के चित्रकूट में छोटे भाई की मौत के दूसरे दिन बड़े भाई ने फांसी लगाकर जान दे दी है। छोटे भाई की मौत सिर में चोट लगने से हुई थी। पुलिस इसकी जांच में जुटी थी। पुलिस की जांच शुरू होते ही बड़ा भाई लापता हो गया था।
यूपी के चित्रकूट में छोटे भाई की संदिग्ध हालात में मौत के 30 घंटे बाद बड़े भाई ने भी फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। वह छोटे भाई की मौत के बाद से लापता था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटना स्थल का जायजा लिया। खुदकुशी की वजह तक पहुंचने के लिए पुलिस छानबीन कर रही है। घटना सरधुवा थाना क्षेत्र के भदेहदू गांव की है। बताया जा रहा है कि छोटे भाई की मौत से पहले एक महिला से अवैध संबंधों को लेकर बड़े से उसका विवाद हुआ था।
भदेहदू गांव में गुरुवार शाम संदिग्ध हालात में चोट लगने से युवक की मौत हो गई थी। उसके सिर में गंभीर चोट के निशान थे। पोस्टमार्टम में भी चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई थी। इस घटना के बाद ग्रामीणों में चर्चाएं रहीं कि शराब के नशे में छत पर दोनों भाइयों के बीच एक महिला से संबंधों को लेकर विवाद हुआ। बड़े भाई ने छोटे भाई के सिर व नाक पर चारपाई की पाटी मार दी। जिससे उसकी मौत हो गई। उस दौरान बड़े भाई की पत्नी और बच्चे गांव में हो रहे रामायण पाठ में शामिल होने गए थे। हालांकि परिजनों ने पुलिस को सूचना दी थी कि युवक की छत से गिरने के कारण मौत हुई है।
मामला संदिग्ध होने पर पुलिस छानबीन कर रही थी। शनिवार सुबह बड़े भाई का शव गांव के बाहर खेत में कटहल के पेड़ से फंदे पर लटका मिला। थानाध्यक्ष सरधुवा राम सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर, नाक व माथे पर चोट की पुष्टि हुई है, लेकिन हत्या जैसी कोई बात सामने नहीं आई। परिजनों ने उसके छत से गिरने की जानकारी दी थी। बड़े भाई ने फांसी लगाकर खुदकुशी की है। इसकी वजह अभी सामने नहीं आई है। तहकीकात की जा रही है।
भाई की मौत के बाद से लापता हो गया था
ग्रामीणों के मुताबिक छोटे भाई की मौत के बाद बड़ा भाई लापता हो गया था। शुक्रवार को पोस्टमार्टम हाउस भी नहीं पहुंचा। उसके लापता होने की वजह से शाम को शव का अंतिम संस्कार ग्रामीणों ने किया। संभावना जताई जा रही है कि बड़े भाई ने भाई की मौत पर खुद के फंसने के भय से खुदकुशी की है। हालांकि पुलिस ऐसी किसी भी बात से इंकार कर रही है। पुलिस का कहना है कि उसके खिलाफ कोई शिकायत भी नहीं थी।
30 घंटे के भीतर दोनो भाइयों की मौत से मचा कोहराम
30 घंटे के भीतर दो भाइयों की संदिग्ध मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। इनमें से छोटे भाई की शादी नहीं हुई थी। जबकि उसके बड़े भाई की दो बेटी व एक बेटा है। सब रो-रोकर बेहाल हैं। दोनो सगे भाइयों की मौत से गांव में सन्नाटा पसरा है। एसआई अजहर जमाल का कहना है कि दोनों भाई नशे के आदी थे।

लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
और पढ़ें



