विजिलेंस के बाद ईडी करेगी पूर्व विधायक से पूछताछ, NRHM घोटाले में आरोपी मुकेश श्रीवास्तव
बहुचर्चित एनआरएचएम घोटाले में ईडी जल्द पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव उर्फ ज्ञानेंद्र प्रताप को नोटिस देकर पूछताछ के लिए बुलाएगी। उनके भाई अजय श्रीवास्तव, तत्कालीन सीएमओ समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के बयान भी दर्ज होंगे। विजिलेंस की जांच में नौ फर्मों का खुलासा हुआ है।

प्रवर्तन निदेशालय ( ईडी) बहुचर्चित एनआरएचएम घोटाले में आरोपी पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव उर्फ ज्ञानेंद्र प्रताप को जल्द नोटिस देकर पूछताछ के लिए तलब करेगी। ईडी मामले में आरोपी पूर्व विधायक के लिपिक भाई अजय श्रीवास्तव तथा तत्कालीन सीएमओ समेत स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारियों के भी बयान दर्ज करेगी। इससे पहले विजिलेंस जांच में सामने आए तथ्यों का अध्ययन किया जा रहा है। विजिलेंस ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में आरोपी स्वास्थ्य विभाग के लिपिक अजय श्रीवास्तव की तलाश तेज की है।
विजिलेंस जांच में सामने आई धांधली
विजिलेंस की जांच में पूर्व विधायक व उसके परिवार के सदस्यों के नाम दर्ज नौ फर्म सामने आई थीं, जिनके माध्यम से एनआरएचएम से जुड़े काम लिए गए थे। सूत्रों का कहना है कि इन फर्मों की जानकारी ईडी से भी साझा की गई है। वित्तीय वर्ष 2017-18 से लेकर वर्ष 2021-22 के बीच एनआरएचएम की विभिन्न स्कीम के तहत लिए गए ठेकों में की गई धांधली की है।
स्वास्थ्य विभाग ने नहीं दिया ईडी को ब्योरा
लखनऊ, विशेष संवाददाता। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने स्वास्थ्य महानिदेशालय से प्रदेश के चार जिलों में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) और दवा सप्लाई के ठेकों से जुड़ा ब्योरा तलब किया है। एनएचएम का बीते 13 साल का इन चारों जिलों को दिए गए कुल बजट और उसके खर्च का रिकार्ड मांगा गया है। यूपी मेडिकल सप्लाई कारपोरेशन से वर्ष 2019-20 से अभी तक हुए टेंडरों और उसमें सफल हुई फर्मों का पूरा ब्योरा मांगा है। ईडी को यह पत्र भेजे दो माह से अधिक हो चुके हैं, मगर पूरी सूचनाएं अभी उसे मुहैया नहीं कराई जा सकी हैं।
पूर्व विधायक से पूछताछ करेगी ईडी
प्रवर्तन निदेशालय ने पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव व उनके नजदीकियों पर शिकंजा कस दिया है। दवा और उपकरण घोटाले से जुड़ी पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। ईडी के पत्र के आधार पर महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य डा. पवन कुमार अरुण ने एनएचएम व सप्लाई कारपोरेशन से ईडी के पत्र का हवाला देते हुए मांगी गई जानकारियां उपलब्ध कराने के लिए लिखा था। मगर अभी तक ईडी द्वारा मांगी गई जानकारियां उपलब्ध नहीं कराई जा सकी हैं।

