लखनऊ में बढ़ रही बाढ़, पानी रोकने के लिए सड़क पर मिट्टी का बांध, अब बिल्डरों को नोटिस

लाइव हिन्दुस्तान
share

अधिकारियों की लापरवाही से राजधानी लखनऊ का बड़ा इलाका डूबा हुआ है। बाढ़ बढ़ती जा रही है। इकाना, पलासियो मॉल के आसपास जलभराव की तस्वीरें और वीडियो देशभर में चर्चा का विषय बनी हुई हैं। नाव चलने और सड़कें डूबने के दृश्य सामने आने से राजधानी की छवि को नुकसान पहुंचा है।

lucknow flood
इकाना के पास पानी नियंत्रित करने के लिए सड़क पर ही मिट्टी का बंधा बनाया गया है। बैकुंड धाम भी पानी में डूबा है (इनसेट)

राजधानी लखनऊ में गोमती की बाढ़ ने हजारों लोगों को बेघर कर दिया है। लाखों लोग जलभराव के कारण संकट में हैं। दस दिनों बाद भी राहत नहीं दिख रही है। गोमती नगर विस्तार के सेक्टर सात में इकाना स्टेडियम के पीछे एलडीए का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट पूरी तरह पानी में डूब गया है। पानी नियंत्रित करने के लिए सड़क पर मिट्टी का बांध बनाया गया है। अधिकारी अब जागे तो बिल्डरों को नोटिस जारी कर बांध के लिए वसूली की नोटिस जारी की जा रही है। इकाना, पलासियो मॉल के आसपास जलभराव की तस्वीरें और वीडियो देशभर में चर्चा का विषय बनी हैं। नाव चलने और सड़कें डूबने के दृश्य सामने आने से राजधानी की छवि को नुकसान अलग पहुंचा है। बताया जाता है कि बांध के लिए बजट था लेकिन सिंचाई विभाग ने टेंडर भी जारी किया था लेकिन फिर भी 11 साल से योजना अधूरी ही रही।

रात में निकाला सुबह फिर इकाना-पलासियो में पानी

गोमतीनगर विस्तार के सेक्टर-7 में इकाना स्टेडियम और पलासियो मॉल के आसपास जलभराव से निपटने के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण की रातभर की मशक्कत के बाद गुरुवार सुबह फिर संकट खड़ा हो गया। पानी निकालने के लिए जिस स्थान पर नाला बंद कराया गया था, वह सुबह करीब आठ बजे दोबारा टूट गया। इसके बाद इकाना स्टेडियम, पलासियो मॉल, आपदा प्रबंधन विभाग, मर्क्योर होटल, टेंडर पाम हॉस्पिटल समेत आसपास के इलाकों में कम हुआ पानी वापस भरने लगा। नाला टूटने के बाद पानी तेजी से फैल गया। एलडीए का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट भी पानी में डूब गया।

लखनऊ में अर्जुनगंज स्थित सुशांत ग्रीन सिटी में गोमती की बाढ़ की आगोश में है।

हालात बिगड़ने पर एलडीए की टीम ने मोर्चा संभाला हुआ है। एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार, सचिव सुशील प्रताप सिंह ख़ुद मौके पर पहुंचे। सचिव पूरे दिन वहीं बैठे रहे। फिर नाले के टूटे हिस्से को मिट्टी और बोल्डर डालकर बंद किया गया। पानी को आगे फैलने से रोकने के बाद निकासी का अभियान तेज किया गया। 26 पंप लगाए। इसके बाद जलभराव वाले इलाकों से पानी तेजी से निकलना शुरू हुआ।

बिल्डरों को वसूली के लिए नोटिस

बंधा निर्माण शुल्क जमा न करने वाले बिल्डरों पर एलडीए सख्त कार्रवाई करेगा। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने अधिकारियों को बकाया शुल्क की वसूली के लिए आरसी जारी करने और जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। गोमती नगर विस्तार और सुल्तानपुर रोड के नदी किनारे क्षेत्रों में जलभराव के बाद एलडीए ने बंधा निर्माण और शुल्क वसूली की समीक्षा की। जांच में सामने आया कि सुरक्षा बंधा समय से नहीं बनने के कारण पानी आबादी वाले क्षेत्रों तक पहुंचा।

एलडीए के अनुसार नदी के कैचमेंट और तटीय क्षेत्रों में विकसित कई आवासीय योजनाओं के लिए सुरक्षा बंधा बनाया जाना था। इसके लिए बिल्डरों से शुल्क निर्धारित किया गया था, लेकिन कई डेवलपर्स ने अब तक पूरा शुल्क जमा नहीं किया। इससे बंधा निर्माण प्रभावित हुआ।

अधिकारियों की बड़ी लापरवाही सामने आई

राजधानी के सबसे आधुनिक और वीआईपी इलाकों में हुए भीषण जलभराव के पीछे सिंचाई विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। हिन्दुस्तान की पड़ताल में पता चला है कि गोमती नगर विस्तार सेक्टर-7 से इकाना स्टेडियम की ओर 2.5 किलोमीटर लंबा बंधा बनाने की योजना वर्ष 2012-13 में तैयार कर ली गई थी। इसके लिए एलडीए ने 36 करोड़ रुपये भी उपलब्ध करा दिए थे, लेकिन सिंचाई विभाग ने वर्ष 2015 में टेंडर कराने के बाद भी निर्माण शुरू नहीं कराया। नतीजा यह हुआ कि इस बार गोमती में आई बाढ़ के दौरान राजधानी के सबसे महत्वपूर्ण इलाके जलभराव की चपेट में आ गए और शहर की छवि को झटका लगा।

गोमती की बाढ़ में डूबा बैकुंठ धाम।

गोमती का जलस्तर बढ़ने के बाद इकाना स्टेडियम, पलासियो मॉल, पुलिस मुख्यालय, सरसावां, आईटी सिटी, ट्रिपल आईटी, एचसीएल और आसपास की कई टाउनशिप जलभराव से प्रभावित हुईं। कई सोसायटियों के बेसमेंट और निचले हिस्सों में पानी भर गया। लोगों को घर छोड़कर होटल और रिश्तेदारों के यहां शरण लेनी पड़ी। सड़कों पर आवागमन प्रभावित हुआ और कई इलाकों में लोगों को दैनिक जरूरतों के लिए भी संघर्ष करना पड़ा।

11 साल तक फाइलों में अटकी रही परियोजना

बंधा निर्माण की योजना तैयार होने के बाद एलडीए ने पूरा बजट सिंचाई विभाग को दे दिया था। 2015 में टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई, लेकिन जमीन और अन्य कारणों का हवाला देकर निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया। 11 साल तक परियोजना फाइलों में ही अटकी रही।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsलखनऊ में बढ़ रही बाढ़, पानी रोकने को सड़क पर मिट्टी का बांध, बिल्डरों को नोटिस