बुलंदशहर और सुल्तानपुर में एनकाउंटर, मासूम के हत्यारों और ट्रक लुटेरे को सिखाया सबक
यूपी के बुलंदशहर और सुल्तानपुर में अलसुबह एनकाउंटर हुआ है। बुलंदशहर में पांच साल की मासूम से रेप के बाद हत्या करने वाले हत्यारों और सुल्तानपुर में ट्रक लुटरे के साथ मुठभेड़ हुई है।

उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर और सुल्तानपुर में अलसुबह एनकाउंटर हुआ है। बुलंदशहर में बच्ची की रेप के बाद हत्या करने वाले हत्यारों और सुल्तानपुर में ट्रक लुटेरों को गोली मारी गई है। बुलंदशहर में जिले के सिकंदराबाद में 5 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म और उसकी नृशंस हत्या करने वाले दो दरिंदों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दबोच लिया है। शनिवार तड़के हुई एक मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
बुलंदशहस में शुक्रवार शाम सिकंदराबाद के मोहल्ला रजपुरा में रहने वाली 5 साल की मासूम अपने घर की छत पर खेल रही थी। अचानक लापता होने के बाद जब खोजबीन शुरू हुई, तो बच्ची घर के पीछे एक खेत में लहूलुहान और गंभीर अवस्था में मिली। परिजन उसे तत्काल सीएचसी (CHC) ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बच्ची के पिता ने उसी बिल्डिंग में किराए पर रहने वाले दो युवकों, राजू (निवासी बलरामपुर) और वीरू कश्यप (निवासी लखीमपुर खीरी) पर शक जताते हुए नामजद तहरीर दी थी। आरोप था कि इन दोनों ने मासूम को अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म किया और पकड़े जाने के डर से उसकी हत्या कर दी।
कांवरा रोड पर हुई पुलिस से मुठभेड़
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि वारदात की गंभीरता को देखते हुए तीन विशेष टीमें गठित की गई थीं। शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी कांवरा रोड स्थित एक निर्माणाधीन कॉलोनी के पास छिपे हुए हैं। जब पुलिस ने उनकी घेराबंदी की, तो आरोपियों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी और वे घायल होकर गिर पड़े। पुलिस ने मौके से दो अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस और खोखा बरामद किए हैं।
आरोपियों ने कबूला अपना गुनाह
पुलिस हिरासत में हुई प्रारंभिक पूछताछ में राजू और वीरू ने मासूम के साथ की गई हैवानियत और उसकी हत्या की बात स्वीकार कर ली है। पुलिस ने इनके खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 70(2), 103(1) और पॉक्सो एक्ट (POCSO) के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अस्पताल से छुट्टी मिलते ही दोनों को जेल भेजा जाएगा। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
सुल्तानपुर में रेलवे क्रासिंग पर मुठभेड़
सुल्तानपुर में कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के पखरौली रेलवे क्रॉसिंग के निकट पुलिस की मुठभेड़ हुई। ट्रक लूट करने वाले कार सवार दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। दोनों बदमाशों को अस्पताल लाया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि दिनांक 6/7 नवंबर 2025 की रात्रि में थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में एक डीसीएम ट्रक की लूट हुई थी। जिसमें तत्काल अभियोग पंजीकृत किया गया था। अज्ञात अभियुक्तो के विरुद्ध विवेचना के दौरान इसमें पांच लोग प्रकाश में आए। इसमें से दो लोगों को 16/17 नवंबर को गिरफ्तार करके जेल भेजा गया था ।
शनिवार को सूचना मिली कि उन में से दो अभियुक्त एक स्विफ्ट डिजायर कार सफेद रंग की कार से पाखरौली रेलवे क्रॉसिंग की तरफ जा रहे हैं। इस सूचना पर एसओजी टीम व थाना कोतवाली देहात द्वारा इनकी घेराबंदी की गयी। घेराबंदी करने पर इन लोगों ने पुलिस के ऊपर फायर किया। पुलिस ने भी अपने बचाव में फायर किया जिससे इन दोनों अभियुक्तों के पैर में गोली लगी है। इनको प्राथमिक चिकित्सा के लिए सीएचसी लाया गया है।
वर्ष 2023 में इनमें से चार अभियुक्तों ने थाना गोसाईगंज जनपद सुल्तानपुर में 34 टन सरिया की लूट की एक घटना कारीत की थी, जिसमें चार लोग प्रकाश में आए थे। इन पांचो अभियुक्तो मे से वो चार अभियुक्त भी शामिल है। इसमें से एक अभियुक्त पकड़ से बाहर है। शीघ्र ही उसको गिरफ्तार करके आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
और पढ़ें

