
यूपी में छापेमारी के दौरान आयकर के डिप्टी डायरेक्टर की बिगड़ी तबीयत, दिल्ली रेफर
रायबरेली में लक्ष्मी कोल्ड स्टोरेज परिसर में संचालित आनंदा डेयरी, सामर्थ्य एवं मदर डेयरी के प्लांट में चल रही आयकर विभाग की छापेमारी के दौरान शनिवार शाम डिप्टी डायरेक्टर कुमार सौम्य की तबीयत अचानक से बिगड़ गई।
- तीन दिन चली छापेमारी के बाद देर रात वापस गए आयकर अधिकारी
- प्लांट में कामकाज बहाल कर्मचारी कुछ भी बोलने से कर रहे परहेज
लालगंज (रायबरेली) संवाददाता। यूपी के रायबरेली में लक्ष्मी कोल्ड स्टोरेज परिसर में संचालित आनंदा डेयरी, सामर्थ्य एवं मदर डेयरी के प्लांट में चल रही आयकर विभाग की छापेमारी के दौरान शनिवार शाम डिप्टी डायरेक्टर कुमार सौम्य की तबीयत अचानक से बिगड़ गई। हालत बिगड़ने पर आयकर टीम उन्हें तत्काल लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएससी) लेकर पहुंची। जहां इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर सत्यजीत सिंह ने उनका प्राथमिक उपचार किया।
प्राथमिक उपचार के बाद आयकर विभाग की टीम डिप्टी डायरेक्टर कुमार सौम्य को आनंदा डेयरी प्लांट से लेकर दिल्ली के लिए रवाना हो गई। लालगंज कोतवाली क्षेत्र स्थित आनंदा डेयरी प्लांट में बीते तीन दिनों से आयकर विभाग की छापेमारी चल रही थी। शनिवार देर रात लगभग दस बजे आयकर विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी कार्रवाई समाप्त कर वापस लौट गए।
छापेमारी के दौरान आयकर विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने मीडिया को कोई भी जानकारी देने से इनकार किया। आयकर विभाग एवं सुरक्षा कर्मियों के जाने के बाद डेयरी और कोल्ड स्टोरेज के कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। रविवार सुबह डेयरी व कोल्ड स्टोरेज में कामकाज पूर्व की भांति शुरू हो गया। डेयरी व कोल्ड स्टोरेज प्रबंधन भी किसी भी जानकारी को मीडिया से साझा करने से बचता रहा।

लेखक के बारे में
Dinesh Rathourदिनेश राठौर लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पिछले आठ सालों से काम कर रहे हैं। वह लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर हैं। कानपुर यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया है। पत्रकारिता में 13 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले दिनेश की डिजिटल मीडिया और प्रिंट जर्नलिज्म में अलग पहचान है। इससे पहले लंबे समय तक प्रिंट में डेस्क पर भी काम किया है। कुछ सालों तक ब्यूरो में भी रहे हैं। यूपी और राजस्थान के सीकर जिले में भी पत्रकारिता कर चुके हैं। यूपी की राजनीति के साथ सोशल, क्राइम की खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाते हैं। वायरल वीडियो की फैक्ट चेकिंग में दिनेश को महारत हासिल है।
और पढ़ें



