
सड़क छोड़कर रेलवे ट्रैक पर शराबी ने दौड़ाई कार, सामने से आ गई मालगाड़ी, फिर...
बिजनौर में एक शराबी ने लापरवाहीपूर्वक अपनी कार को रेलवे लाइन पर दौड़ा दिया। इस दौरान सामने से मालगाड़ी आ गई। गनीमत रही कि समय रहते मालगाड़ी के चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया।
यूपी के बिजनौर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक शराबी ने लापरवाही पूर्वक अपनी कार को रेलवे लाइन पर दौड़ा दिया। इस दौरान सामने से मालगाड़ी आ गई। गनीमत रही कि समय रहते मालगाड़ी के चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया। रेल चालक की सूझबूझ से रेल हादसा टल गया। हालांकि घंटों तक रेलवे ट्रैक बाधित रहा। मौके पर पहुंची आरपीएफ ने कार को कब्जे में ले लिया।

शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव गोकलपुर कासम उर्फ पैदा के गांववालों के आवागमन के लिए रेलवे लाइन पर अंडरपास बनाया है। बारिश से रेलवे अंडरपास में पानी भरा हुआ है। शनिवार शाम करीब पौने पांच बजे थाना किरतपुर के मोहल्ला लाडपुरा निवासी विकास कुमार अपनी कार से जा रहा था। अंडरपास में पानी भरा होने के कारण नशे में विकास ने रेलवे ट्रैक पर कुछ दूर कार दौड़ाने के बाद कार निकालने का प्रयास किया, लेकिन कार फंस गई। इस दौरान मालगाड़ी आ गई। ट्रेन चालक ने ट्रैक पर कार देखकर इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। इससे बड़ा हादसा टल गया।
सूचना पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) बिजनौर चौकी प्रभारी विनोद कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके चलते रेल आवागमन घंटों बाधित रहा। आरपीएफ ने ट्रैक से कार हटवाकर ट्रेनों का संचालन सुचारु कराया। आरपीएफ प्रभारी दारोगा विनोद कुमार ने बताया कि कार को कब्जे में ले लिया है। कार चालक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है।
चालक की सूझबूझ से टला हादसा
जानकारी के मुताबिक अगर मालगाड़ी समय पर नहीं रोकी जाती तो ट्रेन और कार की टक्कर हो जाती। जिससे न सिर्फ चालक की जान जा सकती थी बल्कि पटरी से उतरने का खतरा भी बना रहता। जिससे यात्री ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित हो सकता था। चालक की सूझबूझ से हादसा टल गया।





