
डॉ.शाहीन ने डॉ.परवेज को दिवाली पर दिया था ये आदेश, लखनऊ-कानपुर में देखे गए थे होटल
डॉ.शाहीन के कहने पर डॉ.परवेज यह सब मैनेज कर रहा था। इसके लिए पोस्टर भी तैयार कर लिए गए थे। इनमें डॉक्टरों का सेमिनार होना दिखाया गया था लेकिन इसकी आंड़ में होनी कुछ और बैठक थी। इस बिन्दु को लेकर भी एटीएस पड़ताल कर रही है। हालांकि इंटीग्रल यूनिवर्सिटी की ओर से इस तरह का कोई सेमिनार नहीं होना था।
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एटीएस से एक और महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। अब ये सामने आया है कि इंटीग्रल यूनिवर्सिटी में तैनाती के समय डॉ.परवेज ने बहन डॉ.शाहीन के कहने पर दीपावली पर एक बैठक की तैयारी कर ली थी। इस बैठक में दिल्ली विस्फोट के बाद चर्चा में आए कश्मीरी माडयूल के डॉक्टरों को शामिल होना था। डॉ.आदिल के वैवाहिक समारोह में इन डॉक्टरों की मौजूदगी में इस बैठक को स्थगित कर दिया गया था।
एटीएस सूत्रों के मुताबिक डॉ. शाहीन ने इस बैठक के लिए लखनऊ और कानपुर के किसी होटल में ही बैठक करने को कहा था। माना जा रहा है कि इन दोनों जिलों के कई डॉक्टर डॉ.शाहीन के सम्पर्क में थे। यही वजह थी कि यह बैठक इन स्थानों पर करने की कवायद शुरू हुई थी। इसी आधार पर यह भी आशंका व्यक्त की जा रही है कि साजिश के किसी और चरण के लिए इन डॉक्टरों को एक साथ जुटाने की भूमिका बनाई गई थी।
डॉ.परवेज सब मैनेज कर रहा था
डॉ.शाहीन के कहने पर डॉ.परवेज यह सब मैनेज कर रहा था। बताया जाता है कि इसके लिए पोस्टर भी तैयार कर लिए गए थे। इनमें डॉक्टरों का सेमिनार होना दिखाया गया था लेकिन इसकी आंड़ में होनी कुछ और बैठक थी। इस बिन्दु को लेकर भी एटीएस पड़ताल कर रही है। हालांकि इंटीग्रल यूनिवर्सिटी की ओर से इस तरह का कोई सेमिनार नहीं होना था। एटीएस इस बारे में अभी कुछ नहीं बोल रही है। उसकी एक टीम कानपुर में भी कुछ डॉक्टरों को रडार पर लेकर जांच कर रही है।
यूपी में 50 संदिग्धों से एनआईए की पूछताछ
एनआईए ने भी दिल्ली विस्फोट मामले में यूपी के अंदर अपनी जांच तेज कर दी है। जम्मू-कश्मीर और यूपी एटीएस से अब तक की प्रगति का पूरा ब्योरा लेने के बाद एनआई ने लखनऊ, कानपुर, सहारनपुर समेत कई जिलों में 50 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की है। इन लोगों से कुछ जानकारियां मिली है, उसके आधार पर कुछ और लोगों की तलाश की जा रही है।
डॉ.शाहीन, डॉ.परवेज और सहारनपुर में डॉक्टरों के माडयूल का लगातार जाने को लेकर यूपी में कई लोगों से पूछताछ की गई है। डॉ. परवेज और कानपुर के डॉक्टर समेत कई और डॉक्टरों से भी एनआईए पूछताछ करेगी। इसी कड़ी में एनआईए ने डॉ. शाहीन के सम्पर्क में रहने वाले कई लोगों का पूरा ब्योरा जुटा लिया है। इनमें से कई से पूछताछ भी कर ली है। एनआईए ने डॉ. परवेज के इंटीग्रल यूनिवर्सिटी से जुड़े कई दस्तावेज भी लिए है। ये दस्तावेज एटीएस ने अपने छापे के दौरान लिए थे। एनआईए ने यहां डॉ. परवेज के कुछ करीबियों से भी पूछताछ की है।
सहारनपुर के कई वाहन इस्तेमाल हुए घटना में
डॉ. परवेज के घर से बरामद कार सहारनपुर से खरीदी गई थी। तीन अन्य वाहन भी ऐसे मिले हैं, जिनका इस माडयूल के डॉक्टरों ने इस्तेमाल किया था। इसी आधार पर एटीएस यह भी पता कर रही है कि सहारनपुर से इन वाहनों से ही तो विस्फोटक पदार्थ अलग-अलग स्थान पर नहीं पहुंचाया गया।





