यूपी में डबल मर्डर: भाई ने बहन के प्रेमी को मार डाला, बचाने आई भाभी की भी कर दी हत्या
फतेहपुर में बहन के प्रेम-प्रसंग से बौखालाए भाई ने खूनी खेल खेला। भाई ने बहन के प्रेमी को चाकू से गोदकर मार डाला। बहन पर भी चाकू से हमला करके घायल कर दिया। हत्या की खबर से सनसनी फैल गई।

यूपी में डबल मर्डर से सनसनी फैल गई। प्रेम-प्रसंग के विरोध में पहले जंगल में आरोपी ने पड़ोसी युवक की चाकू से वार कर हत्या कर दी। फिर घर पहुंचकर अपनी बहन और भाभी पर एक के बाद एक ताबड़तोड़ वार कर दिए। मोहल्ले के लोग जब तक बचाने पहुंचते आरोपी हमला कर फरार हो गया। गंभीर हालत में बहन और भाभी को परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां भाभी को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक इलाज के बाद बहन को कानपुर रेफर कर दिया गया। बहन की हालत भी नाजुक बताई जा रही है।
हसवा कस्बे के चौधराना मोहल्ला निवासी 26 वर्षीय फैजान घर से क्रिकेट खेलने की बात कह कर निकला था। पड़ोसी दिलदार भी फैजान के पास पहुंच गया। वहीं दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। इसके बाद दिलदार ने चाकू निकाल कर फैजान पर ताबड़तोड़ वार कर दिये। उसका गला रेत दिया। मौके पर ही फैजान की मौत हो गई। फिर दिलदार घर पहुंचा और अपनी 22 वर्षीय बहन मन्नो पर चाकू से वार कर दिये। घर में मौजूद 30 वर्षीय भाभी जिकरा परवीन पत्नी आमिर उर्फ बल्लू ने बचाने की कोशिश की तो उन पर भी चाकू से कई वार कर दिये और फिर थाने पहुंच गया। चीख पुकार सुन कर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। दोनों लहूलुहान हालत में पड़ी थी।
पेट की अंतड़िया बाहर निकली हुई थी। किसी तरह कपड़े से बांधकर दोनों को अस्पताल लाया गया। जहां जिकरा को डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मन्नों को कानपुर के लिये रेफर कर दिया गया। घटनास्थल पर एसपी अनूप सिंह सहित अधिकारी पहुंचे। एसपी ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी स्वयं पुलिस चौकी पहुंच गया। उसने आशंका व्यक्त कि फैजान के रिश्ते बहन व भाभी से थे। इसी आशंका पर उसने हत्या की है। शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया है। घटना की जांच की जा रही है।

लेखक के बारे में
Dinesh Rathourदिनेश राठौर लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पिछले आठ सालों से काम कर रहे हैं। वह लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर हैं। कानपुर यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया है। पत्रकारिता में 13 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले दिनेश की डिजिटल मीडिया और प्रिंट जर्नलिज्म में अलग पहचान है। इससे पहले लंबे समय तक प्रिंट में डेस्क पर भी काम किया है। कुछ सालों तक ब्यूरो में भी रहे हैं। यूपी और राजस्थान के सीकर जिले में भी पत्रकारिता कर चुके हैं। यूपी की राजनीति के साथ सोशल, क्राइम की खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाते हैं। वायरल वीडियो की फैक्ट चेकिंग में दिनेश को महारत हासिल है।
और पढ़ें



