Hindi NewsUP NewsDouble action against Tauqeer, the main accused in the Bareilly violence; a new case has been registered against him
बरेली बवाल के मुख्य आरोपी तौकीर पर डबल एक्शन, दर्ज हुआ नया केस, दंगे में आरोप पत्र भी दाखिल

बरेली बवाल के मुख्य आरोपी तौकीर पर डबल एक्शन, दर्ज हुआ नया केस, दंगे में आरोप पत्र भी दाखिल

संक्षेप:

बरेली बवाल के मुख्य आरोपी तौकीर रजा को एक मामले में जमानत के बाद अब डबल एक्शन हुआ है। एक तरफ बवाल के मामले में उनके खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया गया है तो दूसरी तरफ नया केस भी दर्ज हुआ है। नया मामला जमीन कब्जाने  का लगा है।

Dec 14, 2025 05:55 am ISTYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

बरेली बवाल के मुख्य आरोपी तौकीर रजा पर डबल एक्शन हुआ है। एक तरफ बवाल के मामले में उनके खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया गया है तो दूसरी तरफ नया केस भी दर्ज हुआ है। इज्जतनगर के व्यक्ति को धमकाकर जमीन बेचने का दबाव बनाने का आरोप तौकीर रजा पर लगा है। प्रताड़ित व्यक्ति ने गुरुवार को एसएसपी ऑफिस के सामने जहर खा लिया था। पहले एक्शन में तौकीर रजा और उसके दामाद मोहसिन समेत दस लोगों के खिलाफ जमीन के विवाद को लेकर थान इज्जतनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरोप है कि ये लोग जमीन बेचने के लिए पीड़ित को सात साल से प्रताड़ित कर रहे हैं और उसके घर में घुसकर हमला किया।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

गुरुवार को इज्जतनगर के रहपुरा चौधरी निवासी शाकिर बेग ने एसएसपी ऑफिस के सामने जहर खाकर खुदकुशी की कोशिश की थी। इस मामले में शाकिर की बेटी लाएवा ने थाना इज्जतनगर में अपने पिता के भाई शारिक बेग, तौफीक बेग, शाहिद, साबिर बेग व शादिक बेग के अलावा मौलाना तौकीर रजा, उसके दामाद मोहसिन रजा, इकराम बेग, इरफान बेग और विक्की को नामजद किया है।

ये भी पढ़ें:पंचायत चुनाव से पहले खूनी खेल, दुकानदार की गोली मारकर हत्या, प्रधान पर आरोप

लाएवा का आरोप है कि उसके पांचों चाचा ने अन्य आरोपियों से मिलकर जमीन जबरन हथियाने के लिए उनके पिता को भयभीत किया। घर में घुसकर महिलाओं से अभद्रता कर लज्जा भंग करने की कोशिश की गई। इन लोगों के अत्याचारों से परेशान होकर उनके पिता ने गुरुवार को जहर खाकर खुदकुशी की कोशिश की। वे लोग पिछले सात साल से मौलाना तौकीर और दामाद मोहसिन रजा व इकराम बेग के अत्याचारों को सहन कर रहे हैं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।

तौकीर और नफीस समेत 20 के खिलाफ तीसरी चार्जशीट दाखिल

बवाल को लेकर दर्ज कराए गए तीसरे मुकदमे में भी कोतवाली पुलिस ने विवेचना पूरी करके कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है। इसमें आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां समेत 20 उपद्रवियों को आरोपी बनाया गया है। इससे पहले भी बवाल से जुड़े दो मामलों में चार्जशीट कोर्ट में दाखिल हो चुकी है। जुमे की नमाज के बाद हुए बवाल को लेकर यह रिपोर्ट सिविल लाइंस चौकी इंचार्ज कोमल कुंडू की ओर से दर्ज कराई गई थी।

इसमें आईएमसी प्रमुख सौदागरान निवासी मौलाना तौकीर रजा खां, कंघीटोला के नफीस खां, बिहारीपुर करोलान के नदीम खान, बिहारीपुर मेमरान के मुनीर इदरीशी, नफीस खां के बेटे फरहान रजा खां, चक महमूद के फैजुल नवी, हजियापुर के आरिफ खां, चक महमूद निवासी आईएमसी के महानगर अध्यक्ष एवं पार्षद अनीस सकलैनी, बिहारीपुर के अफजाल बेग, फरीदापुर चौधरी के सफीले अहमद उर्फ शफी अहमद, फाइक इन्कलेव के फरहत व उसके बेटे मोईन अली, बाकरगंज के सईद अहमद, महेशपुरा के रिहान, कटीकुईया के अफरोज, बाकरगंज के जुबैर, भूड़ कोहाड़ापीर के कसान व आमान हुसैन, नौमहला मस्जिद के मो. हरमैन और नेमतुल्ला को आरोपी बनाया गया है।

पुलिसवालों पर किया था पथराव

इस मुकदमे में चौकी इंचार्ज कोमल कुंडू की ओर से मौलाना तौकीर रजा, नदीम खां और 150 अज्ञात को आरोपी बनाया गया था। आरोप था कि 26 सितंबर को मौलाना तौकीर व नदीम के बुलावे पर भीड़ नौहमला मस्जिद के पास एकत्र होकर इस्लामिया ग्राउंड जाने की कोशिश करने लगी। पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो सरकार विरोधी नारे लगाकर पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए।

एसएसपी अनुराग आर्य के अनुसार 26 सितंबर को हुए बवाल को लेकर तीसरे मुकदमे में चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी गई है। इसमें मौलाना तौकीर समेत 20 उपद्रवियों को आरोपी बनाया गया है। अन्य मामलों में भी शीघ्र चार्जशीट लगाई जाएगी।