बारात लेकर मत आना, वर्ना...दुल्हन के सिरफिरे आशिक से डरा दूल्हा, शादी से किया इनकार

जौनपुर
Follow us on Google News
share

जौनपुर में दुल्हन के एक सिरफिरे आशिक ने दूल्हे को धमकी दे डाली कि अगर वह बारात लेकर आया तो उसे मार दिया जाएगा। इससे सहमे दूल्हे ने बारात ले जाने से ही इनकार कर दिया। बाद में वर पक्ष ने एक नामजद समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया।

Dont bring wedding procession or I will kill you scared by bride lover groom refuses to marry

यूपी के जौनपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां दुल्हन के एक सिरफिरे आशिक ने दूल्हे को धमकी दे डाली कि अगर वह बारात लेकर आया तो उसे मार दिया जाएगा। इससे सहमे दूल्हे ने बारात ले जाने से ही इनकार कर दिया। बाद में तेजी बाजार थाने में तहरीर देकर एक नामजद और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

शुक्रवार को चकदौदहां गांव से एक युवक की बारात सुल्तानपुर जानी थी। शादी से एक दिन पहले गुरुवार शाम घर में भतवान और हल्दी की रस्मों का कार्यक्रम चल रहा था। घर में खुशी का माहौल था और रिश्तेदारों के साथ गांव के लोग भी समारोह में शामिल थे। तभी दो बाइक पर सवार चार युवक वहां पहुंचे और दूल्हे का मोबाइल नंबर पूछकर चले गए। कुछ देर बाद दूल्हे के फोन पर धमकी भरी कॉल आई। कॉल करने वाले ने बारात लेकर जाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए शादी रुकवाने की बात कही। इसके बाद परिवार में दहशत फैल गई

जिले में हाल ही में हुई दूल्हे की हत्या की घटना को देखते हुए परिवार पहले से ही डरा हुआ था। धमकी मिलने के बाद परिजनों ने लड़की पक्ष को पूरी बात बताकर बारात ले जाने से मना कर दिया। इसके बाद देर रात दूल्हा अपने पिता के साथ तेजीबाजार थाने पहुंचा और मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर महाराजगंज थाना क्षेत्र के रामकोला घुसकुरी निवासी विनोद निषाद समेत चार अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है

खाने में मछली न मिलने पर दूल्हे के भाई ने काटा बवाल

उधर, बस्ती जिले में खाने में मछली नहीं मिलने पर दूल्हे का भाई भड़क गया। खाने में बदइंतेजामी का आरोप लगाते हुए दुल्हन के भाई से उलझ गया। विवाद इतना बढ़ा कि बारातियों में भगदड़ मच गई। किसी ने विवाद की सूचना डॉयल-112 पर दे दी। कार्यक्रम स्थल पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया, इसके बाद शादी की अन्य रस्म पूरी हुई।

गुरुवार शाम बारात आई हुई थी। बारातियों के लिए खाने में अन्य पकवान के साथ मछली भी बनवाई गई थी। बारात पहुंचने पर द्वार पूजा व जयमाल का कार्यक्रम खुशी के माहौल में हुआ। इसके बाद बाराती व घरवाले खाना खाने लगे। बारातियों के खाना खाने के बाद दूल्हा, दूल्हे का भाई व कुछ खास लोग खाने की मेज पर बैठे। तब तक मछली समाप्त हो चुकी थी। दूल्हे के टेबल पर मछली की डिश नहीं देख दूल्हे के भाई ने वधु पक्ष से मछली लाने को कहा। वहां मौजूद दुल्हन के भाई ने शालीनता से बताया कि मछली समाप्त हो गई, इतना सुनते ही दूल्हे का भाई भड़क गया और वह मछली परोसे जाने की बात पर अड़ गया, जबकि वधू पक्ष के लोग अपनी लाचारी बता रहे थे।

बात इतनी बढ़ गई कि दूल्हे का भाई व दुल्हन का भाई आपस में उलझ गए। विवाद बढ़ने पर वहां किसी अनहोनी को लेकर अफरातफरी मच गई। बाराती व अन्य लोग वहां से भागने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस से मामले को शांत कराया, इसके बाद सात फेरे का कार्यक्रम कराकर विवाह की रस्म पूरी कराई गई। विवाद शांत होने के बाद दोनों पक्ष ने राहत की सांस लिया। हंसी खुशी दुल्हन की विदाई हुई।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।