
पोस्टमार्टम हाउस में कुत्तों ने शव नोचा, सात संविदा कर्मियों को किया बर्खास्त, प्रभारी की सैलेरी रोकी
संक्षेप: फर्रुखाबाद में पोस्टमार्टम हाउस में रखे शव को कुत्तों द्वारा नोचने पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई है। शनिवार को सात संविदाकर्मी बर्खास्त कर दिए गए हैं और पोस्टमार्टम हाउस प्रभारी का वेतन रोकते हुए फार्मासिस्ट का तबादला कर दिया गया है।
यूपी के फर्रुखाबाद में पोस्टमार्टम हाउस में रखे शव को कुत्तों द्वारा नोचने पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई है। शनिवार को सात संविदाकर्मी बर्खास्त कर दिए गए हैं और पोस्टमार्टम हाउस प्रभारी का वेतन रोकते हुए फार्मासिस्ट का तबादला कर दिया गया है। शासन ने मामले की विस्तृत रिपोर्ट मांगते हुए सख्ती के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को सिलाई कारीगर चिलसरा गांव के चांद मोहम्मद का शव पोस्टमार्टम हाउस के पुराने भवन में रखा था। कुत्तों ने पुराने भवन में घुसकर शव को नोचते हुए सिर अलग कर दिया था। दिल दहलाने वाली यह घटना प्रकाश में आई तो स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप गया।

सीएमओ डॉ. अवनींद्र कुमार ने बताया कि छह तारीख को शव अज्ञात में पोस्टमार्टम के लिए आया था। शव सड़ चुका था इसलिए उसे फ्रीजर में न रखवाकर आउटसोर्स कर्मचारी अमित जूलियस के माध्यम से पुराने भवन में रखवा दिया गया। किनारे लगी जाली के नीचे से मिट्टी खोदकर कुछ कुत्ते घुस आए और शव की हालत खराब की। इस मामले में लापरवाही बरतने पर पोस्टमार्टम हाउस प्रभारी/डिप्टी सीएमओ डॉ. दीपक कटारिया का वेतन रोका गया है। उनके स्थान पर एसीएमओ सर्वेश यादव को नोडल बनाया गया।
ड्यूटी पर तैनात फार्मासिस्ट विकास यादव का वेतन रोकते हुए उनका तबादला कर दिया। वहीं, डयूटी पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड रामप्रकाश, वीरप्रताप और आउटसोर्स कर्मचारी अमित जूलियस, चिंटू कुमार, राजीव कुमार, रवि कुमार और रंजीत को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। सीएमओ ने बताया कि उन्होंने पूरे मामले की रिपोर्ट निदेशक पैरामेडिकल चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं को भेज दी है।
अलीगढ़ में पोखर के पास फेंका नवजात, कुत्तों ने नोंचा
वहीं दूसरी ओर अलीगढ़ में किसी ने नवजात के शव को पोखर के पास फेंक दिया गया। कुत्तों ने शव को नोच डाला। शुक्रवार शाम करीब चार बजे नगला कलार इलाके में स्थित पोखर के पास कुछ कुत्ते शव को नोंचते नजर आए। पास में मौजूद लोगों की उस पर नजर पड़ी तो होश उड़ गए। देखा तो नवजात के धड़ से नीचे का पूरा हिस्सा गायब था। एक हाथ भी नहीं था। लोगों की भीड़ जुट गई, जिसके बाद उसे गड्ढा खोदकर दफनाने की तैयारी होने लगी। इसी बीच सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। इंस्पेक्टर बन्नादेवी एसपी सिंह ने बताया कि कुछ घंटों पहले ही नवजात को फेंका गया है। उसे कुत्ते नोंच रहे थे। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसके बाद ही स्पष्ट होगा कि बच्चे की मौत कब और किस वजह से हुई? साथ ही नवजात के फेंकने वाले की तलाश में आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।





