
दोबारा मेरा हाथ पकड़ा तो हत्या कर दूंगी...प्रधानाचार्य ने बाल पकड़कर छात्रा को पीटा, चरित्र पर सवाल उठाया
हापुड़ के पिलखुवा नगर के एक स्कूल की प्रधानाचार्या का वीडियो सोशल मीडिया पर हो वायरल रहा है, जिसमें उनका गुस्सा सातवें आसमान पर दिखाई दे रहा है और वह एक छात्रा व उसके परिजनों को धमकी देते हुए दिख रही हैं।
हापुड़ के पिलखुवा नगर के एक स्कूल की प्रधानाचार्या का वीडियो सोशल मीडिया पर हो वायरल रहा है, जिसमें उनका गुस्सा सातवें आसमान पर दिखाई दे रहा है और वह एक छात्रा व उसके परिजनों को धमकी देते हुए दिख रही हैं। वह छात्रा के लिए कह रही हैं कि अगर इसने दुबारा मेरा हाथ पकड़ा तो मैं इसकी हत्या कर दूंगी। वीडियो लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। नगर के मोहल्ला निवासी एक किशोरी एक स्कूल में कक्षा नौवीं की छात्रा हैं।

छात्रा का आरोप है कि 20 नवंबर को स्कूल की छुट्टी होने के बाद प्रधानाचार्या ने बाल पकड़कर उसके साथ जमकर मारपीट की। छात्रा ने घर पहुंचकर परिजन को मामले की जानकारी दी। परिजन छात्रा को लेकर प्रधानाचार्या के पास स्कूल पहुंचे और उनसे इस संबंध में बात की तो वह भड़क गईं।
शुक्रवार को हुए घटनाक्रम के वीडियो में प्रधानाचार्या ने छात्रा के परिजन को ऑफिस से बाहर जाने के लिए कह रही हैं। इस दौरान उन्होंने छात्रा के दोबारा से हाथ पकड़ने पर हत्या करने तक की धमकी दे डाली। छात्रा का आरोप है कि इसके बाद प्रधानाचार्या ने स्कूल से उसका नाम काट दिया। वहीं उन्होंने उसके चरित्र पर भी सवाल उठाए, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान हैं। छात्रा के परिजन ने उच्च अधिकारियों से शिकायत करने की बात की है। इस संबंध में प्रधानाचार्या ने कहा कि राजनैतिक दवाब के कारण उन पर गलत आरोप लगाए गए हैं। वह अपनी तरफ से स्कूल को बेहतर करने के लिए प्रयासरत हैं। वहीं इस संबंध में पुलिस अधीक्षक से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन नहीं मिल पाया।





