डीएम खीरी की पाठशाला, दुर्गा शक्ति नागपाल ने 9 हजार बेटियों को सौंपी विद्यादायिनी पोटली

Jan 19, 2026 04:46 pm ISTDeep Pandey लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

यूपी में लखीमपुर खीरी जिला प्रशासन पहल की है। डीएम खीरी की पाठशाला का शुभारंभ किया गया। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने 9,000 छात्राओं को विद्यादायिनी पोटली सौंपी।

डीएम खीरी की पाठशाला, दुर्गा शक्ति नागपाल ने 9 हजार बेटियों को सौंपी विद्यादायिनी पोटली

बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ को हर बेटी तक पहुंचाने के लिए लखीमपुर खीरी जिला प्रशासन ने अनोखी पहल शुरू की है। इसके तहत जिले की हर बेटी के जीवन में शिक्षा की रोशनी फैलाने के लिए डीएम खीरी की पाठशाला का शुभारंभ किया गया। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल व जनप्रतिनिधियों द्वारा सोमवार को परिषदीय तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की 9,000 छात्राओं को विद्यादायिनी पोटली सौंपी गई। पोटली में बेटियों को व्हाइट बोर्ड कम स्टडी टेबल, मार्कर व डस्टर आदि उपहार प्रदान किए गए।

जिलाधिकारी ने बताया कि डीएम खीरी की पाठशाला का उद्​देश्य जिले की बेटियों की पढ़ाई सिर्फ स्कूल तक सीमित न रहकर घर पर भी पढ़ाई के लिए उचित संसाधन उपलब्ध कराना है। इस पहल से बेटियों को स्कूल के साथ घर पर भी पढ़ाई के लिए सुविधा तथा बेहतर माहौल मिलेगा। वे अपनी छोटी-सी पाठशाला घर में ही स्थापित कर सकेंगी। इसके जरिये वह अपनी पढ़ाई तो करेंगी ही, साथ में अपने आस-पास और परिवार में शिक्षा के माहौल के जरिये लोगों को पढ़ने के लिए प्रेरित करेंगी। इस अनोखी पहल के तहत पहले चरण में 9 हजार बेटियों को विद्यादायिनी पोटली सौंपी गई है। यह प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी। इसे हर बेटी तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है, ताकि डबल इंजन सरकार के विजन को धरातल पर शत प्रतिशत पूरा किया जा सके।

19.80 लाख से तैयार हुईं विद्यादायिनी पोटली

"डीएम खीरी की पाठशाला" के तहत पहले चरण में परिषदीय विद्यालयों की 6,798 टॉपर बेटियों, वाल ऑफ ड्रीम्स में चयनित 51 बेटियों और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में अध्ययनरत 2,151 बेटियों को विद्यादायिनी पोटली उपलब्ध कराई गई है। परिषदीय विद्यालयों में कक्षा 6, 7 व 8 की दो-दो टॉपर बेटियों को पोटली उपलब्ध कराई गई है। ये 9 हजार पोटली 19 लाख 80 हजार रुपये की लागत से तैयार की गई हैं। इस पोटली को डबल इंजन सरकार के बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ विजन को आगे बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय राजापुर में सोमवार को आयोजित मेगा इवेंट में डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल तथा विधायक सदर योगेश वर्मा ने ये पोटलियां छात्राओं में वितरित कीं।

डीएम ने कहा कि जब बेटियां घर में भी पढ़ाई करेंगी, तब उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत होगी। शिक्षा के जरिए वे न केवल आत्मनिर्भर बनेंगी, बल्कि समाज में नई रोशनी भी बिखेरेंगी। विधायक सदर योगेश वर्मा ने कहा कि डीएम की दूरदर्शिता और सक्रिय पहल ने बेटियों की पढ़ाई को नई उड़ान दी है। उनकी नेतृत्व क्षमता ने हर छात्रा के घर में ज्ञान का दीप जलाने का अवसर दिया है।

'वाल ऑफ ड्रीम्स' में सजे बेटियों के सपने

मेगा इवेंट में 'वाल ऑफ ड्रीम्स' का निर्माण किया गया, जो आकर्षण का केंद्र बना। परिषदीय विद्यालय की बेटियों ने अपनी कल्पना व रचनात्मकता का बखूबी प्रदर्शन करते हुए अपने भविष्य के सपनों को रंग-बिरंगे पोस्टरों पर उतारा। प्रशासन ने इनमें से चुनिंदा पोस्टरों को 'वाल ऑफ ड्रीम्स' में स्थान दिया।

जनप्रतिनिधियों ने भी वितरित की विद्यादायिनी पोटली

मेगा इवेंट में जनप्रतिनिधियों ने भी परिषदीय और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की बेटियों को विद्यादायिनी पोटली प्रदान की। पोटली पाकर बेटियों के चेहरे पर खुशी व उत्साह की लहर देखी गई। पोटली वितरित करने वालों में विधायक सौरभ सिंह 'सोनू', विधायक योगेश वर्मा, विधायक शशांक वर्मा (निघासन), विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह, विधायक रोमी साहनी (पलिया) शामिल रहे।

Deep Pandey

लेखक के बारे में

Deep Pandey

दीप नरायन पांडेय लाइव हिन्दुस्तान में पिछले आठ सालों से यूपी टीम में हैं। दीप का डिजिटल, टीवी और प्रिंट जर्नलिज्म में 15 साल से अधिक का अनुभव है। यूपी के लखनऊ और वाराणसी समेत कई जिलों में पत्रकारिता कर चुके हैं। यूपी की राजनीति के साथ क्राइम की खबरों पर अच्छी पकड़ है। सामाजिक, इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन, शिक्षा और हेल्थ पर भी लिखने का शौक है। मास कम्युनिकेशन में बीए और एमए हैं। सरल भाषा में खबरों को पाठकों तक पहुंचाते हैं। खबर लिखने के अलावा साहित्य पढ़ने-लिखने में भी रुचि रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |