सपा के दूसरे राज्यसभा उम्मीदवार होंगे धनराज नथवानी, रामगोपाल के साथ आज भरेंगे नामांकन
राज्यसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी ने दूसरे प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर दिया है। सपा के दूसरे उम्मीदवार धनराज परिमल नथवानी होंगे। बुधवार को राममगोपाल के साथ नामांकन करेंगे।

राज्यसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी ने दूसरे उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है। यूपी में राज्यसभा की 10 सीटों पर चुनाव होना है। अब तक राज्यसभा के लिए समाजवादी पार्टी की ओर से दो उम्मीदवार रामगोपाल यादव और धरनाज परिमल नथवानी का नाम सामने आया है। सपा ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि दोनों उम्मीदवार रामगोपाल यादव और धनराज परिमल नथवानी बुधवार अपना नामांकन भरेंगे।
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीट पर होने वाले चुनाव के लिए मंगलवार को नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। मंगलवार को किसी उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया था हालांकि भाजपा की ओर से आठ और सपा की ओर से चार नामांकन पत्र लिए गए। सपा की ओर बताया गया है कि पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा के मौजूदा सदस्य राम गोपाल यादव और धरनाज परिमल नथवानी बुधवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में नामांकन दाखिल करेंगे।
मतदान 16 अक्टूबर को सुबह नौ बजे से
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक, नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख छह अक्टूबर है। नामांकन पत्रों की जांच सात अक्टूबर को होगी जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तारीख नौ अक्टूबर है। मतदान 16 अक्टूबर को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक होगा और उसी दिन मतगणना की जाएगी।
2024 के चुनाव में भी सपा ने उतारे थे तीन प्रत्याशी
उत्तर प्रदेश से केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और बीएल वर्मा के अलावा भाजपा के अरुण सिंह, गीता शाक्य, नीरज शेखर, बृजलाल और सीमा द्विवेदी का कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त हो रहा है। सपा के राम गोपाल यादव और बसपा के रामजी गौतम का कार्यकाल भी इसी दिन पूरा होगा। दसवीं सीट भाजपा के दिनेश शर्मा के राज्यसभा से इस्तीफा देने के बाद रिक्त हुई थी। उन्हें अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है। विधानसभा में मौजूदा संख्या बल के आधार पर भाजपा सात और सपा दो सदस्यों को निर्वाचित कराने की स्थिति में है। दसवीं सीट के लिए दोनों दलों के बीच मुकाबले की संभावना है। वर्ष 2024 के राज्यसभा चुनाव में भाजपा ने आठ उम्मीदवार उतारे थे और सभी निर्वाचित हुए थे। सपा ने तीन उम्मीदवार मैदान में उतारे थे, जिनमें जया बच्चन और रामजी लाल सुमन निर्वाचित हुए जबकि पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन को हार का सामना करना पड़ा था।


