धनराज नथवानी से ढाई गुना ज्यादा अमीर हैं पत्नी भूमि, जानें दोनों की कितनी है संपत्ति
अखिलेश यादव सपा के राष्ट्रीय महासचिव और उद्योगपति धनराज नथवानी को राज्यसभा भेजने की तैयारी में है। मंगलवार को दोनों प्रत्याशियों ने नामांकन भरा। दिए गए हलफानामें के मुताबिक धनराज नथावनी से ज्यादा संपत्ति उनकी पत्नी भूमि के पास हैं।

Dhanraj Nathwani Net Worth: यूपी के 10 राज्यसभा सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सपा के राष्ट्रीय महासचिव और उद्योगपति धनराज नथवानी को मैदान में उतारा है। धनराज नथावनी रिलायंस ग्रुप से जुड़े हुए हैं। उन्होंने मंगलवार को नामांकन के दौरान हलफनामा दिया। जिसके मुताबिक उनसे ज्यादा संपत्ति उनकी पत्नी भूमि नथवानी के पास हैं।
समाजवादी पार्टी के राज्यसभा उम्मीदवार धनराज परिमल नथवानी की तुलना में उनकी पत्नी भूमि नथवानी के पास ढाई गुना से अधिक संपत्ति है। नामांकन के दौरान दिए गए हलफनामे में सामने आए ब्योरे के मुताबिक, धनराज नथवानी के पास कुल 105.41 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति है। जबकि उनकी पत्नी भूमि के नाम 264.68 करोड़ रुपये है। दोनों की कुल संपत्ति करीब 370.09 करोड़ रुपये है। धनराज नथवानी के पास 77.74 करोड़ रुपये की चल और 27.67 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। वहीं भूमि के पास 211.09 करोड़ रुपये की चल और 53.59 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है।
नथवानी दंपति के बेटे भी करोड़पति
हलफनामे के अनुसार, भूमि नथवानी ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 1.48 करोड़ रुपये का एडवांस आईटीआर दाखिल किया है। अगर कैश की बात करें तो धनराज परिमल नथवानी के पास 1.06 लाख रुपये नकद, जबकि उनकी पत्नी के पास 34,800 रुपये कैश हैं। नथवानी दंपति के दो बेटे भी हैं। बेटे शिवान के पास 1.95 करोड़ रुपये और कृष्णा के पास 1.19 करोड़ रुपये का बैंक बैलेंस है। ज्वैलरी की बात करें तो धनराज के पास 1.62 लाख रुपये की ज्वैलरी है, जबकि उनकी पत्नी भूमि नथवानी के पास 8.53 करोड़ रुपये की ज्वैलरी है। धनराज के नाम 2.59 करोड़ का बैंक लोन भी है, वहीं उनकी पत्नी भूमि नथवानी के नाम 17.67 लाख रुपये का है।
कौन हैं धनराज परिमल नथवानी
धनराज परिमल नथवानी का ताल्लुक बड़े व्यापारिक घराने से है। मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, धनराज नथवानी रिलायंस ग्रुप से जुड़े है। उनके पिता परिमल नथवानी भी राज्यसभा के सांसद है। कुछ महीनों पहले ही परिमल नथवानी झारखंड से राज्यसभा पहुंचे हैं।
धनराज नथवानी गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष भी
बताया जा रहा है कि धनराज परिमल नथवानी गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं। नवंबर साल 2022 में उन्हें सर्वसम्मति से जीसीए (GCA) का अध्यक्ष चुना गया था। इससे पहले धनराज नथवानी इसके उपाध्यक्ष थे। वहीं अहमदाबाद में विश्व के सबसे बड़े नरेद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण की कोर टीम का अहम हिस्सा रहे हैं।

