बाहुबली धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला ने सीएम योगी से की मुलाकात, सियासी हलके में क्या चर्चाएं?

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

जौनपुर के  पूर्व सांसद बाहुबली धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला रेड्डी ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की है। इस मुलाकात ने जौनपुर से लखनऊ तक की सियासी हलचल तेज कर दी है।

बाहुबली धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला ने सीएम योगी से की मुलाकात, सियासी हलके में क्या चर्चाएं?

जौनपुर के पूर्व सांसद बाहुबली धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला रेड्डी ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की है। मुख्यमंत्री आवास पर हुई इस शिष्टाचार भेंट के बाद उत्तर प्रदेश और खासकर जौनपुर की राजनीति में कयासों का नया दौर शुरू हो गया है। श्रीकला इस समय जौनपुर की जिला पंचायत अध्यक्ष हैं। मुलाकात के दौरान धनंजय सिंह के बेहद करीबी एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंसू भी साथ रहे। पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान बसपा ने श्रीकला को टिकट दिया था। नामांकन से ठीक पहले श्रीकला ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था और टिकट वापस कर दिया था। इस टिकट वापसी के पीछे भी भाजपा की रणनीति ही मानी गई थी। हालांकि इसके बाद भी जौनपुर की दोनों सीटों पर भाजपा हार गई और सपा के प्रत्याशियों को जीत मिली थी।

मुलाकात के पीछे के मायने

आधिकारिक तौर पर इस मुलाकात को क्षेत्र के विकास कार्यों से जुड़ी एक शिष्टाचार भेंट बताया जा रहा है, लेकिन सियासी जानकार इसे भविष्य के गठजोड़ या समन्वय से जोड़कर देख रहे हैं। धनंजय सिंह की पत्नी होने के नाते श्रीकला की राजनीति भी काफी उतार-चढ़ाव भरी रही है। ऐसे में मुख्यमंत्री से श्रीकला की यह सीधी मुलाकात कई बड़े संकेत दे रही है।

जौनपुर के विकास पर हुई चर्चा

फिलहाल कहा जा रहा है कि श्रीकला ने जौनपुर जिले में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं और जिला पंचायत के कार्यों को लेकर मुख्यमंत्री से चर्चा की। उन्होंने जिले की कुछ प्रमुख समस्याओं के समाधान के लिए शासन के सहयोग की मांग भी रखी। मुख्यमंत्री ने भी विकास कार्यों में तेजी लाने और जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक आश्वासन दिया है।

सियासी भविष्य पर सबकी नजर

श्रीकला का टिकट वापस होने के बाद से ही धनंजय सिंह का झुकाव भाजपा की ओर माना जा रहा है। वह लगातार जनता के बीच सक्रिय हैं। श्रीकला भी जिला पंचायत अध्यक्ष होने के नाते जनता के बीच ही रहती हैं। ऐसे में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ उनकी बढ़ती नजदीकी किसी नए राजनीतिक समीकरण की शुरुआत है, यह चर्चा अब जौनपुर से लेकर लखनऊ तक फैली हुई है। विपक्षी दल भी इस मुलाकात पर पैनी नजर बनाए हुए हैं, क्योंकि धनंजय सिंह का पूर्वांचल की कई सीटों पर मजबूत प्रभाव माना जाता है।

पुरानी तल्खी कम होने के संकेत

बसपा से टिकट मिलने के बाद लोकसभा चुनाव के दौरान जिस तरह की स्थितियां भाजपा से बनी थीं, उसके बाद यह मुलाकात 'बर्फ पिघलने' जैसा अहसास करा रही हैं। भाजपा आने वाले चुनावों या संगठन की मजबूती के लिए श्रीकला का साथ लेगी यह तो आने वाले समय में पता चलेगा। फिलहाल मुलाकात की तस्वीर ने राजनीतिक हल्कों में कई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।