देवर-भाभी के शव नहर में एक ही गमछे से बंधे मिले, दस दिन से दोनों की हो रही थी तलाश

लाइव हिन्दुस्तान, मिरहची (एटा) हिन्दुस्तान संवाद
share

यूपी के एटा में दस दिनों से लापता देवर-भाभी के शव गमछे से बंधे मिले हैं। परिजनों ने हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शवों  को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच में जुट गई है।

Devar bhabhi Bodies found in a canal
यूपी के एटा में नहर से मिले देवर भाभी के शव (फाइल फोटो)

यूपी के एटा में देवर-भाभी के शव गुरुवार को हजारा नहर में मिले। दोनों के शव एक ही गमछे से कमर के पास बंधे हुए थे। शव मिलने की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को नहर से बाहर निकलवाकर पहचान कराई। घरवालों को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे घरवालों में शव को देख कोहराम मच गया। महिला के पति ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। दोनों दस दिनों से लापता थे।

जिला कासगंज के गांव मनौटा निवासी पंकज ने वर्ष 2021 में गांव की ही प्रियंका (23) से प्रेम-विवाह किया था। इसके बाद दोनों पानीपत में रहने लगे थे। वहीं पर रहकर काम करते थे। गांव में छोटा भाई कृष्णकांत (21) अपने मां-बाप के साथ रहता था। पंकज के अनुसार सात सितंबर को पत्नी बिना बताए पानीपत से चली आई थी। घर पहुंचने पर वह नहीं मिली थी। वही देर शाम कृष्णकांत दवाई लाने की बात कहकर गांव से निकला था, लेकिन नहीं लौटा। तब से दोनों लापता थे।

इसके बाद दोनों को तलाश किया जा रहा था। अगले दिन आठ सितंबर को नदरई स्थित हजारा नहर के पिकनिक स्पॉट के पास लोगों को एक थैला मिला था। इसमें पांच हजार रुपये, पर्स, कपड़े, एटीएम कार्ड रखे मिले थे। सूचना पर पुलिस, घरवाले भी पहुंच गए थे। नहर में डूबने की आशंका पर पुलिस ने गोताखोरों और पीएसी फ्लड यूनिट की मदद से कई दिनों तक तलाश कराई, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिला था।

पति ने हत्या कर फेंकने का आरोप लगाया

पोस्टमार्टम गृह पहुंचे पंकज ने कहा कि दोनों की हत्या हुई है। उनका कहना है कि कई दिनों तक पानी में रहने के बाद शवों की स्थिति सामान्य तौर पर काफी बदल जाती है, जबकि बरामद शवों की स्थिति को लेकर उन्हें संदेह है। उन्होंने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या की आशंका जताई है। थानाध्यक्ष विदेश राठी ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्रेम प्रसंग की चर्चा, परिजनों का इनकार

देवर-भाभी के प्रेम प्रसंग को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी सामने आईं। दोनों के शव एक ही अंगोछे से बंधे मिलने के कारण कुछ लोग इसे आत्महत्या से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि इन चर्चाओं का पति पंकज और परिजनों ने साफ इनकार किया है। पति पंकज का कहना है कि दोनों में कोई प्रेम-प्रसंग नहीं था।

भाई बोला रात में किया था फोन, अब नहीं बचेंगे

पंकज ने बताया कि रात तीन बजे आखिरी बार बात हुई थी। कृष्णकांत ने पंकज के पास कॉल की थी। बताया कि वह काफी घबराया हुआ था कह रहा था अब वह नहीं बचेंगे। इसके बाद दोनों के मोबाइल फोन बंद हो गए थे।

सीओ सदर संकल्पदीप कुशवाहा के अनुसार मिरहची क्षेत्र में स्थित हजारा नहर में दो लोगों के शव मिले है। शव को पोस्टमार्टम गृह भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है। सात सितंबर से लापता था। कासगंज पुलिस जांच कर रही है।

पंकज और प्रियंका ने की थी कोर्ट मैरिज

पंकज और प्रियंका दोनों एक ही गांव मनौटा के थे। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हुआ, जिसके बाद दोनों ने 2021 में कोर्ट मैरिज कर ली। एक ही गांव का मामला होने पर पंकज प्रियंका को लेकर पानीपत ले गया और वही रहकर नौकरी करने लगा। 2022 में प्रियंका को एक बेटी श्रृष्टि भी हुई, जिसके बाद पंकज अपनी दुनिया संवारने में जुट गया था।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsदेवर-भाभी के शव नहर में एक ही गमछे से बंधे मिले, दस दिन से दोनों लापता थे