
देवदीपावलीः काशी में एंटी ड्रोन सिस्टम तैनात, बिना इजाजत ड्रोन पर रोक, टीथर्ड से निगरानी
काशी में देवदीपावली पर सुरक्षा का खास खाका तैयार किया गया है। एंटी ड्रोन सिस्टम भी तैनात किया जाएगा। बिना इजाजत कोई भी ड्रोन नहीं उड़ा सकेगा। 400 मीटर ऊपर से चौबीसों घंटे टीथर्ड ड्रोन से निगरानी की जाएगी।
वाराणसी में देवदीपावली की भव्य तैयारियों के बीच लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों को राहत देने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस और यातायात विभाग ने भी प्लान तैयार किया है। देवदीपावली पर 5 नवंबर को श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात को लेकर हाईटेक सुरक्षा कवच तैयार है। घाटों और प्रमुख मार्गों पर पुलिस जल, थल और नभ तीनों से निगरानी करेगी। पुलिस, पीएसी, एनडीआरएफ और जल पुलिस की विशेष टीमें चौकसी में रहेंगी। घाटों पर एंटी-ड्रोन सिस्टम तैनात रहेगा, बिना अनुमति किसी भी निजी ड्रोन की उड़ान पर रोक होगी।
डीसीपी क्राइम सरवरणन टी. ने बताया कि सुरक्षा के लिए एआई तकनीक आधारित सिस्टम का उपयोग किया जा रहा है। वाराणसी की सीमाओं पर ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (एएनपीआर) और प्रमुख चौराहों पर फेस रिकग्निशन कैमरे हैं। अपराधियों और संदिग्धों का डाटा सिस्टम में फीड है। शहरभर में 2576 कैमरों से 24 घंटे निगरानी होगी, जिसे काशी इंटीग्रेटेड कंट्रोल ऐंड कमांड सेंटर से मॉनिटर किया जाएगा।
काशी के हृदय स्थल गोदौलिया और अस्सी घाट पर ‘टीथर्ड ड्रोन’ की विशेष तैनाती होगी। ये ड्रोन 400 मीटर की ऊंचाई से चार किमी के दायरे में 24 घंटे निगरानी करेंगे। बिना पुलिस प्रशासन की अनुमति के कोई भी निजी ड्रोन नहीं उड़ा सकेगा। चेतावनी के बाद भी कोई बिना अनुमति ड्रोन उड़ाते पाया गया तो मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
एनडीआरएफ की 10 टीमें लगेंगी
देवदीपावली पर 11 एनडीआरएफ की टीमें सुरक्षा उपकरणों, वाटर एम्बुलेंस तथा गोताखोरों के साथ नमो घाट, राजघाट, शीतला घाट, दशाश्वमेध घाट, पंचगंगा घाट, ललिता घाट, केदार घाट, चेतसिंह घाट, तुलसी घाट एवं रैदास घाट पर रहेंगी। कुल 10 टीमें, जिनमें मेडिकल टीम भी मुस्तैद रहेंगी। उप महानिरीक्षक मनोज शर्मा ने बताया कि हर टीम में 30–35 प्रशिक्षित जवान हैं। टीमें जीवनरक्षक उपकरणों, रेस्क्यू मोटर बोट, वॉटर एम्बुलेंस, लाइफ जैकेट, लाइफ बोट, गोताखोर रहेंगे।
चौकाघाट से नमोघाट तक नहीं खड़े होंगे वाहन
देवदीपावली के मद्देनजर यातायात विभाग की ओर से पार्किंग एवं वाहनों को व्यवस्थित करने का प्रयास शुरू कर दिया गया है। एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा ने बताया कि चौकाघाट लकड़ी मंडी तिराहा से नमो घाट चौराहा मार्ग तक दोनों तरफ पटरी पर छोटे-बड़े वाहन खड़े नहीं होंगे। उन्होंने बताया कि यह रविवार से सुनिश्चित किया गया है। जिनके भी वाहन सड़क किनारे खड़े हो रहे थे, वे तय पार्किंग स्थल पर पार्क कर लें। देवदीपावली तक सभी बड़े वाहन शहर के बाहर ही पार्क होंगे। लकड़ी मंडी से नमो घाट, भदऊ चुंगी से भैंसासुर घाट, लकड़ी मंडी तिराहा से जगतगंज तिराहा, संस्कृत विवि के वीसी आवास रोड के बीच जो भी बड़े वाहन खड़े हैं, उन्हें पार्किंग स्थल या शहर से बाहर खड़ा करने के लिए कहा गया है।

लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
और पढ़ें



