22 को देवरिया आएंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, देंगे 655.45 करोड़ की सौगात

हिन्दुस्तान, देवरिया
Follow us on Google News
share

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 मई को देवरिया आएंगे। वह भीमपुर गौरा के समीप पोखरभिंडा में देवरिया-कसया 4 लेन निर्माण का शिलान्यास करेंगे। इस दौरान 655.45 करोड़ की 19 परियोजनाओं की सौगात देंगे। कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया गया और सभी तैयारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

22 को देवरिया आएंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, देंगे 655.45 करोड़ की सौगात

रामपुर कारखाना (देवरिया), हिन्दुस्तान टीम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 मई को देवरिया आएंगे। वह भीमपुर गौरा के समीप स्थित पोखरभिंडा में देवरिया-कसया 4 लेन निर्माण का शिलान्यास करेंगे। इसके लिए प्रशासन और भाजपा संगठन ने तैयारियां शुरू कर दी है। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे की पुष्टि की। मुख्यमंत्री अपने दौरे पर जिले को 655.45 करोड़ की 19 परियोजनाओं की सौगात देंगे। वे 116.54 करोड़ रुपये लागत की 8 परियोजनाओं का लोकार्पण और 538.91 करोड़ रुपये लागत की 11 परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे。

कार्यक्रम की तैयारियाँ

मुख्यमंत्री के जनपद आगमन के प्रस्तावित कार्यक्रम के दृष्टिगत जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने कार्यक्रम स्थल भीमपुर गौरा के समीप पोखरभिंडा का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम स्थल पर हेलीपैड निर्माण, पार्किंग व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, मंच, टेंट, बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य तैयारियों का जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कर ली जाएं।

सुविधाओं का ध्यान

उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही कहा कि कार्यक्रम स्थल पर आने वाले जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आमजन की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए तथा यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह व्यवस्थित रहे।

बैठक का आयोजन

निरीक्षण के उपरांत कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर कार्यक्रम के आयोजन हेतु विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां सौंपी गईं। निरीक्षण एवं बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी वीके सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राम शंकर सहित प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के संबंधित अधिकारी गण आदि उपस्थित रहे।

फोरलेन से जुड़ जाएगा देवरिया-कुशीनगर

देवरिया और कुशीनगर जिला जल्द ही फोरलेन से जुड़ जाएगा। देवरिया कसया मार्ग फोरलेन निर्माण के लिए शासन ने फरवरी महीने में ही स्वीकृति देते हुए बजट आवंटित कर दिया था। फोरलेन निर्माण कार्य के लिए भाजपा संगठन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिलान्यास कराने के लिए जोर लगाए हुए है। अधिकारियों के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने शिलान्यास के कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। भाजपा जिलाध्यक्ष ने रामपुर कारखाना मंडल अध्यक्ष सत्य प्रकाश पांडेय से कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री के आगमन पर जरूरी दिशा निर्देश दिए। इस दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजेश मिश्रा, अजय सिंह, सतीश राव, पुरुषोत्तम पांडेय, जितेश पांडेय, गौतम सिंह, राजकिशोर यादव आदि साथ रहे।

बैठक में कार्यकर्ताओं की तैयारी

विधायक सुरेंद्र चौरसिया ने कार्यकर्ताओं संग किया बैठक। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित शिलान्यास कार्यक्रम में आने की संभावना के मद्देनजर रामपुर कारखाना के विधायक सुरेंद्र चौरसिया ने नगर पंचायत में पार्टी कार्यालय पर कार्यकर्ताओं संग बैठक किया। विधायक चौरसिया ने भीमपुर से तरकुलवा मुख्य मार्ग पर फ्लैक्स बैनर लगाने के बारे में जरूरी दिशा निर्देश दिए। मंडल अध्यक्ष सत्य प्रकाश पांडेय एवं अन्य मंडल अध्यक्ष को शिलान्यास कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं के आने की संभावना को देखते हुए जरूरी दिशा निर्देश दिए। इस दौरान दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

थानों के भवन का निर्माण

सुरौली, महुआडीह व श्रीरामपुर थाने को मिल सकता है उनका भवन। जिले में 2021 में रामपुर कारखाना, गौरी बाजार व हाटा कोतवाली से काट लगभग डेढ़ सौ गांवों को जोड़कर महुआडीह थाने को स्वीकृति मिली। वहीं 19 अक्टूबर 2022 को कोतवाली सदर, रूद्रपुर, मदनपुर, भलुअनी को क्षेत्र से लगभग सत्तर गांवों को अलगकर सुरौली थाना व खामपार व बिहार के सीमावर्ती गांवों को जोड़कर श्रारामपुर थाने में स्वीकृति मिली। सरकार ने सुरौली थाने के लिए लगभल अठ्ठारह करोड़ रूपए प्रशासनिक व आवासीय भवन के लिए स्वीकृत किया वहीं महुआडीह के लिए छ: करोड़ रूपए स्वीकृत किया। वहीं करोड़ों रूपए के बजट से श्रीरामपुर थाना भवन के लिए भी स्वीकृत किया गया। थानों की स्वीकृति मिलने के बाद तीनों थाने किराए के भवन में चल रहे हैं। कार्यदायी संस्था ने तीनों थानों के प्रशासनिक भवनों को पुलिस विभाग को हैंडओवर कर दिया है। बस इसमें शिफ्ट करके कार्य शुरू करने की देरी है। थानों में उद्घाटन के फेर में अबतक थानों की शिफ्टिंग नहीं हो पा रही थी। आगामी 22 मई को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से इन भवनों शिफ्ट होने की उम्मीद बढ़ गई है।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कब देवरिया आएंगे?
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 मई को देवरिया आएंगे।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।