दंगल में विभिन्न प्रांतों के पहलवानों ने दिखाया दमखम
सलेमपुर में कुश्ती दंगल प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें विभिन्न राज्यों और नेपाल के पहलवानों ने भाग लिया। मुकाबलों में करीब 40 जोड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। सांसद रमाशंकर राजभर ने ग्रामीण खेलों के महत्व पर जोर दिया, जबकि समाजसेवी राजकमल तिवारी ने ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की बात की।

सलेमपुर(देवरिया), हिन्दुस्तान टीम। ब्लॉक क्षेत्र के पिवकोल चौराहा स्थित श्रीशिव चरण ब्रह्म मंदिर के समीप रविवार को कुश्ती दंगल प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें वाराणसी, गाजीपुर, मऊ, आजमगढ़, बलिया, गोरखपुर, पडरौना, महराजगंज, कानपुर सहित बिहार व नेपाल के पहलवानों ने हिस्सा लिया और अपने दांव-पेंच का शानदार प्रदर्शन किया। दंगल में करीब 40 जोड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए। मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी रही। पहलवानों के दमखम पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया। मुख्य अतिथि सपा सांसद रमाशंकर राजभर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के आयोजन पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देते हैं और युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करते हैं।
विशिष्ट अतिथि समाजसेवी राजकमल तिवारी उर्फ धन्नू ने कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच मिलता है और युवा सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ते हैं।आयोजक दिनेश पहलवान ने अतिथियों का अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया और आभार जताया। इस दौरान अभय यादव, अरविंद तिवारी, अजय यादव, विनोद यादव, ललन यादव ‘गुड्डू’, दुर्गेश कुमार यादव, आदित्य कुमार उर्फ छोटू, श्रीनिवास, बीरबहादुर कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। संचालन पवन सिंह ने किया। जबकि अमरजीत पहलवान व सतेंद्र यादव ने रेफरी की भूमिका निभाई।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


