Deoria News: 4.50 लाख का चेक पाकर खिले समूह की महिलाओं के चेहरे
Deoria News: भाटपाररानी में, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि डॉ. शम्स परवेज की अगुवाई में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को 4.50 लाख रुपये के चेक वितरित किए गए। मुख्य अतिथि खंड विकास अधिकारी पी.एन. त्रिपाठी ने समूहों को चेक प्रदान करते हुए बताया कि इससे महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं।

Deoria News: भाटपाररानी(देवरिया), हिन्दुस्तान टीम। विकास खंड के ग्राम पंचायत मेहरौना में गुरुवार को ग्राम प्रधान प्रतिनिधि डॉ. शम्स परवेज के नेतृत्व में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को सामुदायिक निवेश निधि सीआईएफ के तहत कुल 4.50 लाख रुपये के चेक वितरित किए गए। चेक मिलते ही समूह की महिलाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खंड विकास अधिकारी पी.एन. त्रिपाठी ने मां लक्ष्मी आजीविका समूह, सूरज महिला समूह और बाबा मलंग शाह महिला समूह को डेढ़-डेढ़ लाख रुपये का चेक प्रदान किया। विशिष्ट अतिथि एडीओ आईएसबी राजेश कुमार ने कहा कि पहले जरूरत पड़ने पर लोगों को साहूकारों से कर्ज लेना पड़ता था, लेकिन अब सरकार समूहों के माध्यम से महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ रही है।
इससे महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं और उन्हें किसी के सामने हाथ फैलाने की जरूरत नहीं पड़ रही।बीएमएम वी.के. मिश्रा ने कहा कि ग्राम प्रधान प्रतिनिधि के प्रयासों से मेहरौना में कई स्वयं सहायता समूहों का गठन हुआ है और महिलाओं को रोजगार से जोड़ने का काम किया गया है। कार्यक्रम में ग्राम सचिव अजीत कुमार यादव, पंचायत सहायक आमिर सुहैल, सफाई कर्मचारी सीमा देवी, केयरटेकर लालमती देवी, समूह सखी शगुफ्ता नाज, सद्दाम हुसैन, रेहान अंसारी, सिद्दीक अहमद सहित तीनों समूहों की महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


