Hindi NewsUttar-pradesh NewsDeoria NewsVoter Awareness Rally Marks 16th National Voter s Day in Deoria
सोलहवें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर डीएम ने दिलाई मतदान की शपथ

सोलहवें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर डीएम ने दिलाई मतदान की शपथ

संक्षेप:

Deoria News - देवरिया में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर छात्रों ने मतदाता जागरूकता रैली निकाली। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने रैली को हरी झंडी दिखाई। रैली में छात्रों, नागरिकों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। मतदान के महत्व पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी दी गईं।

Jan 25, 2026 01:53 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, देवरिया
share Share
Follow Us on

देवरिया, निज संवाददाता। 16 वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर लोकतंत्र को सशक्त करने का संदेश देते हुए शनिवार को छात्रों ने शहर में मतदाता जागरूकता रैली निकाली। रैली को जिलाधिकारी दिव्या मित्तल व अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह ने राजकीय इंटर कालेज से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली जीआईसी से प्रारंभ होकर कलेक्ट्रेट, पोस्टमार्टम चौराहा एवं जलकल रोड होते हुए पुनः जीआईसी ग्राउंड समाप्त हुई। इसके उपरांत जिलाधिकारी मित्तल ने उपस्थित नागरिकों को मतदाता शपथ दिलाई। वहीं अपर जिलाधिकारी प्रशासन सिंह ने रैली में शामिल छात्रों को मतदान की शपथ दिलाई। रैली में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री, स्काउट-गाइड, स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

हाथों में तख्तियाँ और नारों के माध्यम से प्रतिभागियों ने ‘पहले मतदान, फिर जलपान’, ‘मेरा वोट, मेरी ताकत’ जैसे संदेशों के जरिए आमजन को जागरूक किया। राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम द्वारा नव पंजीकृत मतदाताओं को एपिक कार्ड दिया तथा मतदाता जागरूकता अभियान में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि मतदान लोकतंत्र की आत्मा है और प्रत्येक पात्र नागरिक का यह संवैधानिक दायित्व है कि वह अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करे। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा मतदाता जागरूकता पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। बच्चों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक ने शत-प्रतिशत मतदान का प्रभावशाली संदेश दिया। छात्राओं ने मतदान की रंगोली भी बनाई थी। इस दौरान सलेमपुर सांसद रमाशंकर विद्यार्थी, सहायक निर्वाचन अधिकारी अवधेश निगम, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता, जीआईसी प्रधानाचार्य राम किंकर मिश्र, उपायुक्त श्रम रोजगार आलोक पांडेय, सहायक जिला पंचायत राज अधिकारी श्रवण चौरसिया, निर्वाचन विभाग के विजय प्रकाश पांडेय, निर्मल कुमार सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।