
देवरिया में राम बारात के दौरान बवाल, थानेदार व दारोगा लाइन हाजिर
Deoria News - देवरिया के एकौना थाना क्षेत्र में रामलीला के बाद राम बारात के दौरान बवाल हो गया। दो दिन पहले के विवाद को लेकर कुछ युवकों ने राम और लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे कलाकारों पर हमला किया। इसके बाद ग्रामीणों...
एकौना (देवरिया), हिन्दुस्तान टीम। देवरिया जिले के एकौना थाना क्षेत्र में रामलीला के बाद गुरुवार की शाम निकली राम बारात में बवाल हो गया। दो दिन पहले हुए विवाद को लेकर राम, लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे कलाकारों के साथ ही कुछ अन्य लोगों की भी पिटाई कर दी गई। जिसके बाद लोग आक्रोशित हो गए और पुलिस के खिलाफ धरना पर बैठ गए। देर शाम मौके पर पहुंचे एसपी संजीव सुमन, एएसपी आनंद कुमार पांडेय ने किसी तरह लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। साथ ही एसपी ने लारपरवाही पर प्रभारी निरीक्षक उमेश वाजपेयी व उप निरीक्षक शिवबचन को लाइन हाजिर कर दिया।
पुलिस इस मामले में चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। एकौना गाव में 22 सितंबर से रामलीला का आयोजन हो रहा था। सात अक्टूबर को गांव में मेला लगा तो कुछ युवक लड़कियों के लाइन में खड़े हो गए। जिसको लेकर रामलीला समिति के लोगों ने विरोध जताया और कहासुनी हो गई। मामला थाने तक पहुंचा, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। गुरुवार की शाम गांव में राम बारात निकली, राम की भूमिका में आदर्श पांडेय, लक्ष्मण की भूमिका शिवमंगल पांडेय, कमेटी के अध्यक्ष अतुल पांडेय समेत अन्य लोग जा रहे थे। इस बीच दो दिन पहले हुए विवाद को लेकर खार खाए कुछ युवकों ने राम बारात में शामिल आदर्श पांडेय, शिवमंगल पांडेय, अतुल पांडेय समेत सात लोगों पर हमला बोल दिया और मारपीट कर घायल कर दिया। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया। मारपीट के दौरान राम व लक्ष्मण बने किशोरों के सिर फट गए। यह देख ग्रामीण आक्रोशित हो गए और पुलिस के खिलाफ धरने पर बैठ गए। सूचना पर रुद्रपुर के सीओ हरिराम यादव पहुंचे और समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद मौके पर एसपी पहुंचे और किसी तरह लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। साथ ही कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। जिसके बाद लोग शांत हो सके। एसपी बोले एसपी देवरिया संजीव सुमन ने बताया कि एकौना में रामबारात के दौरान कुछ युवकों ने विवाद कर लिया। ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत करा दिया गया। प्रथम दृष्टया लापरवाही मिलने पर थानाध्यक्ष व एक दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




