निर्वाचन कार्यालय में बवाल: लेखपाल को पीटा, विरोध में सड़क पर उतरे कर्मचारी; चक्का जाम

हिन्दुस्तान, हिन्दुस्तान टीम, देवरिया
Follow us on Google News
share

देवरिया के लार क्षेत्र के मलकौली गांव के हल्का लेखपाल संदीप कुमार के साथ निर्वाचन कार्यालय में मारपीट का मामला सामने आया है। लेखपाल ने EWS प्रमाणपत्र के लिए तत्काल रिपोर्ट लगाने से इंकार किया, इसके बाद युवक ने हंगामा किया। लेखपाल और तहसील कर्मचारियों ने चक्का जाम कर कार्रवाई की मांग की।

निर्वाचन कार्यालय में बवाल: लेखपाल को पीटा, विरोध में सड़क पर उतरे कर्मचारी; चक्का जाम

UP News : उत्तर प्रदेश के देवरिया के सलेमपुर निर्वाचन कार्यालय में मंगलवार को बवाल हो गया। यहां लार क्षेत्र के कुण्डौली सर्किल के मलकौली गांव के हल्का लेखपाल संदीप कुमार के साथ मारपीट और अभद्रता के बाद गुस्साये कर्मचारियों ने सड़क पर उतरकर चक्का जाम कर दिया। घटना से नाराज लेखपालों और तहसील कर्मचारियों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह समझा बुझाकर लेखपालों और कर्मचारियों का गुस्सा शांत कराया और चक्का जाम खत्म कराया।

बदसलूकी का शिकार हुए लेखपाल संदीप कुमार के मुताबिक वह निर्वाचन कार्यालय में काम कर रहे थे। उसी दौरान एक युवक अपने साथी के साथ ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र के लिए रिपोर्ट लगवाने पहुंचा। लेखपाल ने प्रार्थना पत्र लेकर जांच के बाद रिपोर्ट लगाने की बात कही। इस पर युवक तत्काल रिपोर्ट लगाने का दबाव बनाने लगा।

लेखपाल द्वारा बिना जांच रिपोर्ट लगाने से इंकार करने पर दोनों युवक भड़क गए और निर्वाचन कार्यालय में हंगामा करते हुए वहां रखी पत्रावलियां बिखेर दीं। इतना ही नहीं, एक युवक ने लेखपाल का कॉलर पकड़ लिया, उनकी शर्ट फाड़ दी और गला दबाने का प्रयास किया। कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों ने बीच-बचाव किया तो आरोपी युवक मौके से फरार हो गया।

घटना से नाराज लेखपाल और तहसील कर्मचारी तहसील गेट पर पहुंच गए और कार्रवाई की मांग को लेकर चक्का जाम कर दिया। इससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कर्मचारियों को समझाकर जाम समाप्त कराया। उधर, पुलिस हंगामा करने वाले युवक के पिता को तहसील गेट स्थित उसकी कम्प्यूटर की दुकान से हिरासत में लेकर कोतवाली चली गई। जिसके बाद लेखपाल और तहसील के कर्मचारी शांत हुए।

क्या बोली पुलिस

कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि निर्वाचन कार्यालय सलेमपुर में एक लेखपाल के साथ युवक द्वारा मारपीट की गई है। मामले में उसके पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। लेखपाल की तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।