Deoria News: बहनों के उत्साह के आगे रोडवेज बस पड़ी कम, परेशान दिखीं महिलाएं
Deoria News: देवरिया, निज संवाददाता। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की तरफ से रक्षाबंधन को लेकर बहनों

Deoria News: देवरिया, निज संवाददाता। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की तरफ से रक्षाबंधन को लेकर बहनों के लिए विशेष इंतजाम तो किया गया है, लेकिन बहनों के उत्साह के आगे रोडवेज की व्यवस्था गड़बड़ा गई। बसें कम पड़ गई।
व्यवस्था में खामियां
घंटों इंतजार के बाद ही बहनों को बस में जगह मिल पाई। बहुत से बहनों को तो खड़ा होकर ही अपने गन्तव्य को जाना पड़ा। भीड़ को देखते हुए कोतवाली पुलिस के साथ ही पुलिस लाइन से भी पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। उधर भीड़ के चलते शहर में जाम की समस्या भी उत्पन्न हो गई। काफी मशक्कत के बाद यातायात पुलिस ने जाम से निजात दिलाया।
फ्री यात्रा की व्यवस्था
रोडवेज बसों में एक दिन पहले से ही बहनों के आवागमन को फ्री कर दिया गया। उनके साथ एक पुरुष सदस्य को भी फ्री व्यवस्था दे दी गई। देवरिया डिपो के पास 161 अनुबंधित तो 86 निगम की बसें है। सुबह से ही बहनें सजधज कर अपने भाईयों की कलाई पर राखी बांधने के लिए निकल पड़ी। चौराहों पर भीड़ हो गई। जब भी कोई बस आती, महिलाएं उसमें चढ़ने के लिए दौड़ पड़ती, लेकिन उसमें जगह न मिलने के चलते उन्हें मायूसी हाथ लगती।
धक्का-मुक्की की स्थिति
यह स्थिति सलेमपुर बस स्टैंड, भरथुआ चौराहा, मुसैला चौराहा, खुखुंदू व सोनूघाट चौराहे पर देखने को मिली। यहां महिलाएं बस में चढ़ने के लिए धक्का-मुक्की तक करती नजर आईं। रोडवेज परिसर में भी स्थिति कुछ ऐसी ही रही। जब कोई बस आती, महिलाएं अपने बच्चों को लेकर दौड़ पड़ती और बस में चढ़ने का प्रयास करती। अधिकांश बसों में महिलाएं व उनके बच्चे खड़े होकर जाते नजर आए। रोडवेज परिसर में ही बस के भर जाने के चलते उनका गेट बंद करना पड़ता था.


