गणित के प्रश्नों में उलझे अभ्यर्थी, अधिक लगा समय
Deoria News - उत्तर प्रदेश पुलिस उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन शनिवार को दो पालियों में हुआ। 4969 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित रहे, जबकि 1,751 ने परीक्षा छोड़ दी। गणित के प्रश्नों में अभ्यर्थियों को कठिनाई का सामना करना पड़ा। परीक्षा के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और केन्द्रों पर निगरानी रखी गई।

देवरिया, निज संवाददाता। उत्तर प्रदेश पुलिस उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा पहले दिन शनिवार को दो पालियों में आयोजित की गई। जिसमें 1,751 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी, जबकि 4969 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित रहे। केन्द्रों पर यह परीक्षा कड़ी निगरानी के बीच आयोजित कराई गई। परीक्षा को लेकर केन्द्रों के बाहर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम रहे। पहले दिन के परीक्षा में गणित के कैलकुलेशन में अभ्यर्थियों को अधिक दिक्कत हुई, अभ्यर्थी प्रश्नों को लेकर काफी देर तक उलझे रहे। प्रश्नों को हल करने में अधिक समय लगने के कारण कई प्रश्न अभ्यर्थियों से छूट भी गए। यूपी एसआई भर्ती परीक्षा जिले के 10 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित हो रही है।
पहले दिन शनिवार को दो पालियों में परीक्षा आयोजित हुई, पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक हुई। जिसमें 3360 के सापेक्ष 2482 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 878 अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक हुई। जिसमें 3360 के सापेक्ष 2487 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 873 अनुपस्थित रहे। परीक्षा में महराजगंज, गोरखपुर, बस्ती, जौनपुर, गाजीपुर, चन्दौली समेत अन्य जिलों के अभ्यर्थी शामिल थे। पहली पाली की परीक्षा के लिए सुबह सात बजे से ही अभ्यर्थी केन्द्रों पर लाइन में लग गए, जहां आठ बजे से अभ्यर्थियों की गहन चेकिंग कर, बायोमेट्रिक जांच एवं आईरिस स्कैन करने बाद उनके प्रवेश पत्र पर होलोग्राम लगाकर केन्द्रों में प्रवेश दिया गया। वहीं दूसरी पाली के लिए दोपहर एक बजे से केन्द्रों में अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। केन्द्रों पर परीक्षा कड़ी निगरानी के बीच आयोजित कराई गई, सभी केन्द्रों की सीसी टीवी कैमरे से निगरानी की जा रही थी। वहीं केन्द्रों के बाहर सुरक्षा के दृष्टिगत पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती रही। परीक्षा में 160 प्रश्न पूछे गए थे, इसमें कानून, संविधान, करंट अफेयर्स, गणित, तार्किक व अन्य प्रश्न शामिल थे। परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि गणित के प्रश्न काफी उलझाऊ थे, इन प्रश्नों को हल करने में सबसे अधिक समय लगा। वहीं अन्य प्रश्न आसानी से हल हो गए।दूसरी पाली के लिए धूप में खड़े रहे अभ्यर्थीयूपी एसआई भर्ती परीक्षा के लिए पहली पाली के अभ्यर्थी सुबह सात बजे के पहले ही केन्द्रों पर पहुंच गए थे। वहीं दूसरी पाली के लिए अभ्यर्थी सुबह 10 से 11 बजे तक केन्द्रों पर पहुंचे थे। ऐसे में केन्द्रों के बाहर इंतजाम न होने के कारण अधिकांश अभ्यर्थी व उनके अभिभावक सड़क के किनारे धूप में खड़े नजर आए। जबकि कुछ अभ्यर्थी छांव तलाश कर इधर- उधर बैठे हुए दिखाई दिए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


