देवरिया में होमगार्ड ने लिफ्ट देकर किशोरी के साथ किया दुष्कर्म, गिरफ्तार
Deoria News - महुआडीह (देवरिया) में यूपी 112 के तैनात होमगार्ड ने किशोरी का अपहरण किया और दुष्कर्म किया। 29 दिसंबर को कार में लिफ्ट देने के बहाने उसे एक कमरे में ले गया। घटना के बाद पुलिस ने पीड़िता का बयान और मेडिकल कराने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

महुआडीह(देवरिया), हिन्दुस्तान संवाद। देवरिया जिले में रक्षक ही भक्षक बन गया। कार में लिफ्ट देने के बहाने यूपी 112 में तैनात होमगार्ड ने किशोरी का अपहरण किया और तरकुलवा ले जाकर उसके साथ एक कमरे में दुष्कर्म किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने न्यायालय में पीड़िता का बयान व मेडिकल होने के बाद सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। घटना दिसंबर माह की बताई जा रही है। महुआडीह थाना क्षेत्र के मोहन पट्टी निवासी शंभू पासवान पुत्र राजेंद्र पासवान 10 वर्ष पहले होमगार्ड में भर्ती हुआ।
इन दिनों उसकी तैनाती महुआडीह थाना क्षेत्र में यूपी 112 में चालक के पद पर है। 29 दिसंबर को अवरही मोड़ पर एक 13 वर्षीय किशोरी खड़ी थी। उसे एक गांव में जाना था। इस बीच होमगार्ड एक कार से आया और लिफ्ट देते हुए कहा कि वह उसके गन्तव्य तक छोड़ देगा। साथ ही अपने को होमगार्ड बताया। जिसके बाद किशोरी उसकी गाड़ी में बैठ गई। इसके बाद आरोपी उसे तरकुलवा स्थित एक कमरे में ले गया और उसके साथ डरा-धमका कर दुष्कर्म किया। फिर देवरिया रेलवे स्टेशन पर ले जाकर उसे छोड़ दिया। इस मामले में पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर अपहरण का केस दर्ज कर छानबीन शुरू की तो 31 दिसंबर को वाराणसी रेलवे स्टेशन से किशोरी मिली। इसके बाद पुलिस ने उसका मेडिकल व बयान दर्ज कराया। जिसमें उसने होमगार्ड का नाम बताया। विवेचना में नाम प्रकाश में आते ही पुलिस उसकी तलाश शुरू कर दी। सोमवार को रामपुर दुल्ह पुलिया के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार राय ने बताया कि 112 पीआरपी होमगार्ड चालक को दुष्कर्म व पाक्सो एक्ट के मामले में गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


