न कैश, न ट्रॉफी, प्लेयर ऑफ द मैच को दिया गया देशी मुर्गा

Feb 11, 2026 12:42 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, देवरिया
share Share
Follow Us on

Deoria News - देवरिया जिले के पथरदेवा क्षेत्र में एक क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन हुआ, जिसमें प्लेयर ऑफ द मैच को कैश या ट्रॉफी के बजाय जिंदा देसी मुर्गा देकर सम्मानित किया गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें लोग मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं।

न कैश, न ट्रॉफी, प्लेयर ऑफ द मैच को दिया गया देशी मुर्गा

देवरिया, हिन्दुस्तान टीम। देवरिया जिले के पथरदेवा क्षेत्र में एक क्रिकेट टूर्नामेंट अलग अंदाज में आयोजित हुआ। यहां पर प्लेयर ऑफ द मैच को कैश या ट्रॉफी के बजाय देसी मुर्गा देकर सम्मानित किया गया। अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो पर तमाम लोग अपने मजेदार कमेंट शेयर कर रहे हैं। अपने देश में क्रिकेट लोगों के सिर पर चढ़कर बोलता है। हर गली-मोहल्ले में बच्चे और युवा क्रिकेट खेलते मिल जाएंगे। जगह-जगह क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन भी किया जाता है। इसमें आमतौर पर मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को कैश या ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाता है, लेकिन पथरदेवा ब्लॉक के ग्राम पंचायत महुआरी में एमपीएल क्रिकेट प्रतियोगिता का कुछ अलग अंदाज में आयोजन किया गया।

यह प्रतियोगिता एक फरवरी से शुरू होकर नौ फरवरी तक चली थी। प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों ने प्रतिभाग किया। नौ फरवरी को टूर्नामेंट का फाइनल मैच था। इसमें पथरदेवा विधानसभा की टीम विजेता और बिहार की बेलहीं टीम उपविजेता बनी। मैच समाप्त होने के बाद पुरस्कार देने की बारी आई। सभी दर्शकों को लगा कि खेल में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को नकद राशि या ट्रॉफी प्रदान की जाएगी, लेकिन खिलाड़ियों को एक ऐसा पुरस्कार दिया गया, जिसके बारे में किसी ने सोचा नहीं था। प्लेयर ऑफ द मैच और सीरीज के लिए चुने गए खिलाड़ियों को मंच से इनाम में एक जिंदा देशी मुर्गा दिया गया। जैसे ही लोगों ने इस दृश्य को देखा पूरा मैदान तालियों से गूंज उठा। इसे देखकर हर कोई आश्चर्यचकित होकर रह गया। इसका सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें देखा जा सकता है कि मैच के बाद एक खिलाड़ी को मंच पर बुलाया जाता है। उसके बाद आयोजक एक मुर्गे की तस्वीर वाला पोस्टर खिलाड़ी को देते हैं। इस दौरान पास में खड़ा एक व्यक्ति खिलाड़ी के हाथ में एक जिंदा मुर्गा थमा देता है। खिलाड़ी भी हंसते हुए मुर्गा पकड़ कर सभी लोगों का अभिवादन करता है।इस अनोखे क्रिकेट टूर्नामेंट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों के मजेदार कमेंट्स आने लगे। एक व्यक्ति ने लिखा बिल्कुल देसी अंदाज में प्रतियोगिता का आयोजन। एक अन्य ने लिखा शानदार यही असली गिफ्ट है। इससे बेहतर कोई इनाम नहीं हो सकता था।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।